सोशल मीडिया पर आत्मघाती कदम का वीडियो जारी करने वाले युवक को खरसिया पुलिस ने समय रहते बचाया
सोशल मीडिया पर आत्मघाती कदम का वीडियो जारी करने वाले युवक को खरसिया पुलिस ने समय रहते बचाया
खरसिया। सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात कहते हुए वीडियो जारी किए जाने की सूचना मिलते ही खरसिया चौकी पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई और समय रहते युवक तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बचा लिया। जानकारी के अनुसार रायगढ़ क्षेत्र से आया एक युवक खरसिया रेलवे स्टेशन पहुंचा था। उसने अपनी गाड़ी रेलवे स्टेशन परिसर में खड़ी की और इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में युवक खुद को परेशानियों से घिरा बताते हुए अपनी जान देने की बात कह रहा था। जैसे ही इस वीडियो की जानकारी खरसिया पुलिस को मिली, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिना समय गंवाए युवक की तलाश शुरू कर दी। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में प्रोविशन SI प्रवीण कुमार बांधव एवं आरक्षक साविल चंद्रा सहित पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई और युवक की संभावित लोकेशन पर नजर रखते हुए उसकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान पुलिस टीम को युवक रेलवे पटरी के आसपास दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आते देख युवक वहां से निकलकर भागने लगा और टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा किया और अपनी फुर्ती दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उससे बातचीत कर समझाइश दी। इसके बाद आवश्यक समझाइश एवं कार्रवाई के पश्चात युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। खरसिया चौकी पुलिस की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते संभावित अनहोनी को समय रहते टाल दिया गया। सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जिस तेजी से रिस्पॉन्स किया, उससे युवक को समय रहते सुरक्षित बचाया जा सका।
पुलिस की अपील है कि जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, किसी परेशानी या भावनात्मक तनाव में आकर अपनी जान को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम नहीं उठाना चाहिए। ऐसी स्थिति में अकेले रहने के बजाय परिवार, दोस्तों या किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस से मदद लें। एक पल का गलत फैसला पूरी जिंदगी बदल सकता है, इसलिए समस्या से हार मानने के बजाय उसका समाधान तलाशें।