कवर्धा की बेटी गीता बनीं एशिया कप चैंपियन : जूनियर महिला हॉकी में भारत की हैट्रिक, चीन को उसी की धरती पर दी मात
कवर्धा की बेटी गीता बनीं एशिया कप चैंपियन : जूनियर महिला हॉकी में भारत की हैट्रिक, चीन को उसी की धरती पर दी मात
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बोड़ला की बेटी गीता यादव ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। गीता भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम का हिस्सा रहीं, जिसने चीन को उसी की धरती पर 1-0 से हराकर विमेंस जूनियर एशिया कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार जूनियर एशिया कप की ट्रॉफी जीतकर हैट्रिक पूरी की।भौगोलिक संदर्भ
चीन को हराकर भारत बना चैंपियन
हुलुनबुइर के मोकी ट्रेनिंग बेस में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत और मेजबान चीन के बीच शुरुआत से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन भारतीय टीम ने बेहतर नियंत्रण और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के 17वें मिनट में सानिका चंद्रकांती माने ने फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने चीन को बराबरी का गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय डिफेंस ने अंत तक बढ़त को बरकरार रखा और टीम ने खिताब अपने नाम कर लिया।
गीता यादव के प्रदर्शन की रही चर्चा
बोड़ला के वार्ड नंबर-14 की रहने वाली गीता यादव पूरे टूर्नामेंट के दौरान भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी रहीं। उनके खेल की लगातार चर्चा हुई और पिछले मुकाबले में उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के सम्मान से भी नवाजा गया था। फाइनल में भी गीता ने टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय जूनियर टीम में अपनी जगह और मजबूत की है।
भारत ने पूरे टूर्नामेंट में नहीं गंवाया एक भी मुकाबला
भारत का शानदार प्रदर्शन सिर्फ फाइनल तक सीमित नहीं रहा। ग्रुप चरण में भारतीय टीम ने तीन मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा। ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद टीम ने अपने अजेय अभियान को आगे बढ़ाया। फाइनल में चीन को मात देकर भारत ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी मुकाबला गंवाए बिना ट्रॉफी पर कब्जा किया। इससे पहले 2023 और 2024 में भी भारत जूनियर एशिया कप का चैंपियन बना था।भौगोलिक संदर्भ
गीता की उपलब्धि से बोड़ला में खुशी
भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि में बोड़ला की बेटी गीता यादव की मौजूदगी ने कबीरधाम जिले का मान बढ़ाया है। गीता के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को क्षेत्र की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।