CG: शिक्षा संभाग दुर्ग के संयुक्त संचालक हेमन्त उपाध्याय निलंबित

रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिक्षा संभाग दुर्ग के प्रभारी संयुक्त संचालक श्री हेमन्त उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके स्थान पर आर.एल. ठाकुर, उप संचालक लोक शिक्षण संचालनालय को दुर्ग संभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस संबंध में आदेश आज मंत्रालय, महानदी भवन से जारी किया गया है।
क्यों हुई निलंबन की कार्रवाई?
हेमन्त उपाध्याय को यह निलंबन उनकी पिछली पदस्थापना के दौरान हुई कथित अनियमितताओं के कारण हुआ है। आदेश में बताया गया है कि जब वह सरगुजा संभाग में प्रभारी संयुक्त संचालक के पद पर थे, तब उनके द्वारा की गई अनियमितताओं की पुष्टि हुई है। इसके अलावा, उन्होंने अपने पद के दायित्वों का निर्वहन करने में मनमानी और अनुशासनहीनता दिखाई।
निलंबन की अवधि के दौरान, उपाध्याय का मुख्यालय लोक शिक्षण संचालनालय, रायपुर रहेगा, और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।