जशपुर पुलिस की अभिनव पहल: सामुदायिक पुलिसिंग के तहत पुलिस कप्तान जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने किया जिले में पुलिस मितान का शुभारंभ, 2500 स्वयं सेवक जुड़े जशपुर पुलिस के साथ

जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग को नई दिशा देने तथा आमजन की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले की बहुउद्देशीय योजना “पुलिस मितान” का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अभिनव पहल के अंतर्गत जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों से जुड़े लगभग 2500 स्वयंसेवकों को पुलिस मितान के रूप में शामिल किया गया। चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी स्वयंसेवकों को पहचान पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस मितान, पुलिस अधिकारी, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सड़क सुरक्षा से लेकर सामाजिक जागरूकता तक निभाएंगे भूमिका
जशपुर पुलिस की यह योजना केवल पुलिस सहायता तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाज में जागरूकता बढ़ाने का एक व्यापक अभियान भी बनेगी। पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), यातायात नियमों, जनसहायता एवं सामाजिक दायित्वों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पुलिस मितान गांव-गांव और आम नागरिकों के बीच जाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नशाखोरी, टोनही प्रताड़ना जैसे अंधविश्वास, मानव तस्करी, सामाजिक अपराध एवं अन्य कुरीतियों के विरुद्ध भी जागरूकता फैलाने का कार्य करेंगे।
“सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर” मिशन को मिलेगा बल
कार्यक्रम के दौरान डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने उपस्थित पुलिस मितानों को संबोधित करते हुए कहा है कि आप सभी आज से पुलिस के अंग हैं, हम सभी मिलकर “सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर” के मिशन को आगे बढ़ाएंगे, साथ ही डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस मितानो को स्वयं सेवक के रूप में पुलिस के साथ मिलकर सशक्त समाज के निर्माण में अपना समय देने के लिए उनका आभार व्यक्त किया , डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस मितान केवल नाम नहीं है बल्कि सड़क सुरक्षा/सामाजिक अपराध/सामाजिक बुराई/जन चेतना/सामाजिक कर्तव्य जैसे विषयों पर लोगों के मध्य जाकर , पुलिस के साथ मिलकर जागरूकता फैलाने का एक महत्त्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर सशक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण करेंगे , जिसमें पुलिस मितानो की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
इस बहुद्देशीय योजना से जनभागीदारी आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा। “पुलिस मितान” योजना के माध्यम से पुलिस और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा। इससे पुलिस को स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं की जानकारी शीघ्र मिलेगी और सामाजिक अपराधों की रोकथाम में भी सहायता मिलेगी।
योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, सामाजिक कुरीतियों को दूर करना तथा सभ्य, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण करना है। जशपुर पुलिस का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक सुधार के प्रयास अधिक प्रभावी हो सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पाटनवार, एस डी ओ पी जशपुर चंद्रशेखर परमा, डी एस पी ट्रैफिक कुंजराम चौहान,जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पुलिस मितान, पत्रकार बंधु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस मितानों ने समाजहित में कार्य करने का संकल्प भी लिया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






