जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता, 6 साल से फरार डकैती और हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

जशपुर: जशपुर पुलिस ने पुराने मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 6 साल से फरार डकैती और हत्या के प्रयास के आरोपी उमेश यादव (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उमेश यादव वर्ष 2019 में चौकी करडेगा थाना तपकरा क्षेत्र के ग्राम धुरीअंबा में अपने साथियों के साथ मिलकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था और एक व्यक्ति के पीठ पर चाकू मारकर फरार हो गया था।
घटना का संक्षिप्त विवरण
यह मामला 27 सितंबर 2019 की रात का है। चौकी करडेगा क्षेत्र के ग्राम धुरीअंबा निवासी प्रार्थी सोमारु राम (56 वर्ष) अपने घर में सो रहा था। रात करीब 11:30 बजे, कुछ व्यक्तियों ने उसका दरवाजा खटखटाया। जैसे ही सोमारु राम ने दरवाजा खोला, 6 नकाबपोश व्यक्ति उसे धक्का देकर जबरन घर में घुस गए और पैसों की मांग करने लगे। जब प्रार्थी सोमारु राम ने हल्ला किया, तो एक नकाबपोश ने उसके पेट में चाकू से वार कर दिया, जिसके बाद सभी नकाबपोश भागने लगे।
हल्ला सुनकर ग्रामीण उन्हें दौड़ाने लगे और एक नकाबपोश को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही चौकी करडेगा पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए नकाबपोश को हिरासत में लिया। घायल सोमारु राम को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस जांच और गिरफ्तारियां
प्रार्थी सोमारु राम की रिपोर्ट पर चौकी करडेगा में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 450 (अतिक्रमण), 398 (घातक हथियार से डकैती का प्रयास) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए नकाबपोश ने अपना नाम मुन्ना राम बताया, जो बिहार का रहने वाला था और टाइल्स लगाने का काम करता था। उसने बताया कि वह अपने साथी उमेश यादव, शिव कुमार और तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर सोमारु राम के घर में डकैती का प्रयास कर रहा था।
जांच के दौरान, पुलिस पहले ही मुन्ना राम और शिव कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी थी। फरार आरोपी उमेश यादव और तीन अन्य नकाबपोशों की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने अपनी मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी टीम की भी मदद ली।







उमेश यादव की गिरफ्तारी
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान, पुलिस को मुखबिर और तकनीकी टीम की मदद से पता चला कि फरार आरोपी उमेश यादव हैदराबाद में काम कर रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने आरोपी को पकड़ने के लिए दो बार पुलिस टीम हैदराबाद भेजी, लेकिन उमेश यादव पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। हालांकि, पुलिस की तकनीकी टीम लगातार उमेश यादव को ट्रेस कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को पता चला कि उमेश यादव जशपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कईकछार स्थित अपने ससुराल घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर फरार आरोपी उमेश यादव को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी उमेश यादव ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा “ऑपरेशन अंकुश” के तहत 6 साल से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है और “ऑपरेशन अंकुश” जारी रहेगा।
इस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस की टेक्निकल टीम से निरीक्षक श्री मोर ध्वज देशमुख, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनिल सिंह, अनूप भगत, और चौकी करडेगा से चौकी प्रभारी उप निरीक्षक श्री भागवत नायर, प्रधान आरक्षक भगत राम गोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।