छत्तीसगढ़

सुबह की खामोशी चीरता भागता ट्रक… तिरपाल के नीचे छिपा था खौफनाक सच, 38 गौवंशों की हालत देख दंग रह गई पुलिस

ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जंगल में ट्रक छोड़ फरार हुआ चालक, तस्करों की तलाश तेज

जशपुर। तड़के सुबह जब चारों ओर सन्नाटा पसरा था, उसी वक्त एक तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की नींद उड़ा दी। शक के आधार पर शुरू हुआ पीछा कुछ ही मिनटों में ऐसे खुलासे में बदल गया, जिसने हर किसी को चौंका दिया। ट्रक के भीतर जो मिला, वह सिर्फ अवैध नहीं बल्कि बेहद अमानवीय भी था।

जशपुर जिले में पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत थाना कांसाबेल क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक से 38 नग गौवंशों को तस्करी के दौरान मुक्त कराया है।

मुखबिर की सूचना और हाईवे पर घेराबंदी
घटना 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे की है, जब कांसाबेल पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर नेशनल हाईवे 43 की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए बेला घाट में नाकाबंदी कर दी।

कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार और तेज कर दी। इसके बाद शुरू हुआ पीछा, जिसने पूरे इलाके में हलचल मचा दी।

जंगल का सहारा लेकर फरार हुआ चालक
पुलिस टीम लगातार ट्रक का पीछा करती रही। खुद को घिरता देख चालक ने ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक सड़क किनारे छोड़ दिया और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक की तलाशी ली, तो सामने आया एक ऐसा दृश्य जिसने सभी को झकझोर दिया।

तिरपाल के नीचे ठूंसे गए थे 38 गौवंश
ट्रक की ट्रॉली को भूरे रंग की तिरपाल से ढंका गया था। जैसे ही पुलिस ने तिरपाल हटाई, अंदर का मंजर बेहद भयावह था। 38 गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था, जिनकी हालत देखकर साफ जाहिर हो रहा था कि उन्हें बेरहमी से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया।









ट्रक जब्त, तस्करों की तलाश जारी
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक JH-02-BM-4221 को जब्त कर लिया है। मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जब्त ट्रक के आधार पर तस्करों तक पहुंचने की कोशिश तेज कर दी गई है और फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ऑपरेशन शंखनाद का असर, सख्त संदेश
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा है कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कांसाबेल क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई को ऑपरेशन शंखनाद की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, गोविंद नायक, आरक्षक शरद बेहरा और कमल शांति खलखो की अहम भूमिका रही।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button