छत्तीसगढ़

सरहदी राज्यों से अवैध धान तस्करी का भंडाफोड़! 149 क्विंटल जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जशपुर पुलिस ने दो दिनों में ट्रक और पिकअप से अवैध धान पकड़कर किसानों की उपज की सुरक्षा सुनिश्चित की

जशपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी सीजन के बीच जशपुर पुलिस ने सरहदी राज्यों से अवैध धान लाने की कोशिशों पर कड़ी निगरानी रखी और बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 149 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी की रात 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम केतार के पास एक संदिग्ध ट्रक में भारी मात्रा में धान लोड कर झारखंड से जशपुर लाया जा रहा है। पेट्रोलिंग टीम ने तुरंत ग्राम केतार स्थित पेट्रोल पंप के पास ट्रक क्रमांक JH-01-GF-0332 को रोका। तलाशी में 290 बोरी यानी 90 क्विंटल धान बरामद हुआ।

ट्रक चालक गणेश यादव (33 वर्ष, ग्राम खुटगांव, थाना कुनकुरी) ने बताया कि ट्रक जशपुर निवासी विशाल गुप्ता का है और धान को झारखंड से लाकर जशपुर में खपाने की तैयारी थी। चालक वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। ट्रक सहित धान को जिला प्रशासन को सौंपा गया। उल्लेखनीय है कि विशाल गुप्ता का एक मिनी ट्रक इससे पहले भी धान तस्करी में पकड़ा गया था

इसके अगले दिन 11 जनवरी की शाम 7 बजे, मुखबिर की सूचना पर आरा पुलिस ने ग्राम बोकी में घेराबंदी कर दो पिकअप वाहन JH-07-H-0224 और JH-01-CV-2140 को रोका। जांच में पहले पिकअप से 66 बोरी (30 क्विंटल) और दूसरे से 60 बोरी (29 क्विंटल) धान बरामद हुई। पिकअप चालक शेखर यादव (26 वर्ष, मधुबनटोली, जशपुर) और सजीत कुमार (25 वर्ष, पुरनानगर, जशपुर) थे, जिन्होंने वैध दस्तावेज पेश नहीं किए।

इस प्रकार दो दिनों में पुलिस ने ट्रक और दो पिकअप से कुल 149 क्विंटल अवैध धान जब्त किया। जिले में अब तक 2100 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त कर जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अवैध धान तस्करी के खिलाफ सख्ती बरत रही है। आरा क्षेत्र में पकड़े गए ट्रक और पिकअप से जब्त धान जिला प्रशासन को सौंप दिया गया। उन्होंने साफ कहा कि आगे भी अवैध धान तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कोई भी तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



















यह कार्रवाई जिले में धान खरीदी के दौरान काले धंधों पर नियंत्रण और किसानों की उपज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button