Uncategorized

जिंदल स्टील में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

 अधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प







रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिंदल स्टील लिमिटेड, रायगढ़ में रविवार सुबह सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। एयरस्ट्रिप लॉन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में जिंदल स्टील परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

सुबह 6:30 बजे प्रारंभ हुए एक घंटे के योग सत्र का संचालन योग गुरु ओमप्रकाश सिंह ने किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार तथा विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम के उपरांत जिंदल स्टील लिमिटेड, रायगढ़ के कार्यपालन निदेशक श्री देबोज्योति रॉय ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में योग को प्राचीन काल से ही स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार माना गया है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। योग न केवल विभिन्न बीमारियों से बचाव में सहायक है, बल्कि आत्मबल, अनुशासन, संयम और समर्पण जैसे जीवन मूल्यों को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि समूह के चेयरमैन श्री नवीन जिंदल स्वस्थ जीवनशैली के प्रबल समर्थक हैं तथा सभी को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और योग अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि योग दिवस केवल एक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button