Raigarh: रक्षाबंधन से पहले रायगढ़ में डेयरी-होटलों की होगी जांच, खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान शुरू, मिठाइयों समेत खाद्य सामग्री के लिए जाएंगे सैंपल

रायगढ़। ‘खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान शुरू, मिठाइयों समेत खाद्य सामग्री के लिए जाएंगे सैंपल|रायगढ़,Raigarh – Dainik Bhaskar
पिछले दिनों फूड एंड सेफ्टी विभाग के अधिकरियों ने सांझा चुल्हा में जांच किया तो वहां एक ही फ्रिज में वेज-नॉनवेज रखा मिला था
रायगढ़ जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के निर्देश पर फूड सेफ्टी विभाग की टीम डेयरी और होटलों की जांच करेगी। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए ‘खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत यह जांच की जाएगी।
इस दौरान मिठाइयों के साथ-साथ दूसरी खाद्य सामग्री के सैंपल भी लिए जाएंगे। टीम खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनकी सुरक्षा की जांच करेगी। अगर कहीं मिलावट या नियमों का उल्लंघन मिलता है तो संबंधित के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रक्षाबंधन से पहले 17 से 23 अगस्त तक चलेगा अभियान
‘खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान 17 से 23 अगस्त तक चलेगा। इसके लिए पूरे सप्ताह का शेड्यूल तैयार किया गया है। अभियान के तहत खाद्य पदार्थों में मिलावट, गलत लेबल, भ्रामक जानकारी और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जांच और कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही प्रतिबंधित एनालॉग डेयरी उत्पादों के निर्माण और बिक्री पर भी नजर रखी जाएगी।
अभियान के पहले दिन मिठाई के थोक विक्रेताओं की दुकानों की जांच की जाएगी। अधिकारियों की टीम खरीद-बिक्री के बिल और इनवॉइस, सप्लायर की जानकारी, थोक में रखी मिठाइयों के कंटेनरों पर लेबल और खाद्य सामग्री की सूची की जांच करेगी।
इसके अलावा बिना लेबल वाले कंटेनर, संदिग्ध मिल्क स्वीट्स और दूसरी खाद्य सामग्री की भी जांच की जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर नियमों के तहत संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डेयरी एनालॉग और मिल्क स्वीट्स की होगी जांच
अभियान के दूसरे दिन कन्फेक्शनरी और मिठाई बनाने वाले अस्थायी और मौसमी कारोबारियों की जांच की जाएगी। टीम खास तौर पर रक्षाबंधन के लिए बड़ी मात्रा में मिठाई और नमकीन बनाने वाली इकाइयों पर नजर रखेगी।
इस दौरान मिठाई बनाने वाली जगहों पर साफ-सफाई की व्यवस्था, जरूरी लाइसेंस और पंजीयन की जांच की जाएगी। साथ ही खाद्य पदार्थों पर नियम के मुताबिक लेबल लगा है या नहीं, यह भी देखा जाएगा।
अभियान के तीसरे दिन डेयरी एनालॉग और मिल्क स्वीट्स की प्रारंभिक जांच की जाएगी। इसके जरिए यह पता लगाया जाएगा कि इनमें किसी तरह की मिलावट या नियमों का उल्लंघन तो नहीं हो रहा है।
होटल-रेस्टोरेंट से लेकर स्ट्रीट फूड तक होगी जांच
अभियान के चौथे और पांचवें दिन ग्रामीण इलाकों की कन्फेक्शनरी और मिठाई दुकानों की जांच की जाएगी। टीम इन दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई समेत जरूरी नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, यह देखेगी।
छठवें दिन होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और स्ट्रीट फूड की दुकानों की जांच की जाएगी। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा के नियमों की जांच होगी।
वहीं, सातवें और आखिरी दिन उन दुकानों और प्रतिष्ठानों की दोबारा जांच की जाएगी, जहां अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन मिला था।
इस तरह पूरे सात दिनों तक खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम अलग-अलग जगहों पर जांच और कार्रवाई करेगी।
सप्ताहभर जारी रहेगी जांच और कार्रवाई
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी ने बताया कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के निर्देश पर पूरे सप्ताह जांच और कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए ‘खाबो-बने रहिबो 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में डेयरी, होटल, मिठाई दुकानों और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि अभियान खत्म होने के बाद भी खाद्य दुकानों और प्रतिष्ठानों की रूटीन जांच लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।