Raigarh News: रायगढ़ में युवा कांग्रसियों ने खून से लिखा पत्र, शहर में बढ़ते प्रदूषण को लेकर युवा कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राष्ट्रपति, चीफ जस्टिस, मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों को भेजा जाएगा पत्र

रायगढ़। रायगढ़ जिले में युवा कांग्रेस का आरोप है कि शहर में लगातार प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। उद्योगों से निकलने वाला जहरीला धुआं और रासायनिक कणों का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। ऐसे में युवा कांग्रेस की ओर से खून से पत्र कार्यक्रम रखा गया। इस दौरान युवा कांग्रेस के नेताओं ने खून से पत्र लिखा और बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
महात्मा गांधी चौक पर दोपहर 12 बजे से युवा कांग्रेसी और अन्य लोग इकट्ठा हुए। इसके बाद जिले में बढ़ते प्रदूषण को लेकर नारेबाजी की गई। बताया गया कि रायगढ़ अब रहने लायक नहीं रहा है। हर घर इस पीड़ा से जूझ रहा है। उद्योगों से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण से लोग परेशान हो चुके हैं। इसके बाद युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल समेत अन्य युवा कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति के नाम खून से पत्र लिखा। पत्र में लिखा गया कि रायगढ़ को प्रदूषण से बचाया जाए। सादे कागज पर खून से लिखा गया यह पत्र राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस, एनजीटी, मुख्यमंत्री, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री समेत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि रायगढ़ को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।
जिला अध्यक्ष आशीष जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जायसवाल का कहना है कि स्थानीय अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यही वजह है कि अब राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और चीफ जस्टिस को खून से पत्र लिखकर इस गंभीर मामले में हस्तक्षेप की मांग की गई है।
युवा कांग्रेस का आरोप है कि जिले में लगातार बढ़ रहे औद्योगीकरण के कारण आम जनता का सांस लेना दूभर हो गया है।आशीष जायसवाल ने चेतावनी दी है कि जब तक रायगढ़ की जनता को प्रदूषण से मुक्ति नहीं मिल जाती, यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि रायगढ़ की जनता के हक के लिए युवा कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के बाद पिछले 3–4 दिनों से शहर में पंपलेट बांटे जा रहे थे। करीब 5 हजार पंपलेट छपवाए गए थे, जिन्हें शहर के अलग-अलग स्थानों पर वितरित किया गया।
जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि रायगढ़ के प्रदूषण को लेकर यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन है। हर घर में प्रदूषण से महिलाएं, बच्चे और पुरुष परेशान हैं। हमने यह लड़ाई छेड़ी है और खून से पत्र लिखकर “रायगढ़ को बचा लो” की अपील की है।
जिसे राष्ट्रपति, चीफ जस्टिस, मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों को भेजा जाएगा। प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। हमने पहले भी ज्ञापन सौंपा था, लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। खून से पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए प्रदूषण की समस्या के निराकरण की मांग की गई है।
इस धरना प्रदर्शन में पूर्व डिसीसी अध्यक्ष अनिल शुक्ला, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव, संजय देवांगन, सत्यप्रकाश शर्मा, रितेश वैद्य, राकेश पाण्डेय, आकाश मिश्रा सहित कांग्रेस व युवा कांग्रेस के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता शामिल हुए।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






