रायगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, सुबह से बूंदाबांदी और तेज हवाएं; तापमान में गिरावट
रायगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, सुबह से बूंदाबांदी और तेज हवाएं; तापमान में गिरावट
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रवात अर्नब का असर दिखने लगा है। मंगलवार से आसमान में बादल छाए हुए हैं। बुधवार सुबह से हल्की बूंदाबांदी के साथ हवाएं चलने लगीं। दोपहर में भी रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। हालांकि, मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई थी, लेकिन रायगढ़ में अब तक तेज बारिश नहीं हुई है।
मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट देखी जा रही है। बारिश और बादलों के चलते सड़कों पर भी पहले की तुलना में कम भीड़ नजर आई। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था।
गुरुवार को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। तापमान में भी बदलाव का अनुमान है। विभाग के आंकड़ों में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक
चक्रवात के असर से जिले में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अगले आदेश तक कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना अनुमति छुट्टी पर नहीं जा सकेगा और न ही मुख्यालय छोड़ सकेगा।
मोबाइल चालू रखने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल ड्यूटी पर उपस्थित होना होगा।
