छत्तीसगढ़

बीजापुर के जंगलों में IED ब्लास्ट: नक्सलियों के बिछाए IED की चपेट में आने से STF जवान घायल

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के गलगम इलाके के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी (IED) की चपेट में आने से स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के एक प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी हैं। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए आनन-फानन में रायपुर रेफर किया गया है। घटना की आधिकारिक पुष्टि एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने की है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम गलगम के जंगलों में नियमित सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान पर निकली थी। इसी दौरान एसटीएफ के प्रधान आरक्षक निलकंठ सिंह का पैर नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए आईईडी पर पड़ गया। दबाव पड़ते ही एक ज़ोरदार धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से जवान बुरी तरह जख्मी हो गए।

धमाके के तुरंत बाद मौके पर मौजूद साथी जवानों ने मोर्चा संभाला और घायल साथी को सुरक्षित तरीके से जंगल से बाहर निकालकर नजदीकी कैंप पहुँचाया। वहाँ प्राथमिक उपचार देने के बाद, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जवान को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया। वर्तमान में रायपुर के एक निजी अस्पताल में विशेषज्ञों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों ने फिलहाल जवान की स्थिति को खतरे से बाहर बताया है।

इस हादसे के बाद बीजापुर पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने गलगम और आसपास के जंगलों में सर्चिंग ऑपरेशन और तेज कर दिया है। एडिशनल एसपी ने बताया कि नक्सलियों की किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नज़र रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और जंगलों में अन्य संभावित आईईडी की तलाश की जा रही है।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button