Jashpur News: शराब के विवाद में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। जशपुर जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम घुटरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब नहीं मिलने और घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी पत्नी की हाथ, मुक्के और लात से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम घुटरी निवासी दुबेश्वरी बाई (46 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा करने के दौरान मृतका के गले पर चोट के निशान और सिर पर गंभीर चोट मिली, जिससे हत्या की आशंका के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर अंदरूनी एवं बाहरी चोटों के कारण मौत की पुष्टि होने पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर मृतका के पति जगेश्वर राम (48 वर्ष), निवासी ग्राम घुटरी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के दिन शराब नहीं मिलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान उसने पत्नी से सब्जी बनाने को कहा, लेकिन पत्नी के मना करने पर गुस्से में आकर हाथ, मुक्के और लात से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, स्नेहलता सिंह, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, जितेंद्र साहू, महिला आरक्षक नीलम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह तथा नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख एवं रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।