Jashpur News: पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से किया जानलेवा हमला, फरार आरोपी पति गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ October 31, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
Jashpur News: पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से किया जानलेवा हमला, फरार आरोपी पति गिरफ्तार

Jashpur News: पत्नी के सिर पर लोहे के रिंग पाना से किया जानलेवा हमला, फरार आरोपी पति गिरफ्तार

जशपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर एक पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने मोटरसाइकिल के पहिए का नट खोलने-कसने में इस्तेमाल होने वाले लोहे के रिंग पाना से पत्नी के सिर पर लगातार तीन बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी पति को पत्थलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना ग्राम झक्कड़पुर (बंधन पारा) की है। दिनांक 3 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे आरोपी करम साय तिर्की (36 वर्ष) अपने कमरे में लोहे का रिंग पाना खोज रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी नबिना तिर्की ने उससे पूछ लिया कि वह क्या खोज रहा है। इस बात पर आरोपी आक्रोशित हो गया और पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए लोहे के रिंग पाना से उसके सिर पर लगातार तीन वार कर दिए। हमले में महिला के सिर पर तीन जगह गंभीर चोटें आईं और खून निकलने लगा।

घटना की जानकारी मिलने पर घायल महिला के देवर जयराम तिर्की मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए डिवाइन अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया। इसके बाद 4 अगस्त 2026 को प्रार्थी की रिपोर्ट पर पत्थलगांव थाने में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 166/2026, धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना के बाद से चल रहा था फरार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें गंभीर चोटें आने की पुष्टि हुई। वहीं, प्रार्थी, पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। वारदात के बाद से आरोपी करम साय तिर्की फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।

इसी बीच 30 अक्टूबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने गृह ग्राम झक्कड़पुर में देखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल गांव पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

हमले में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना जब्त

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर हमला करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का रिंग पाना भी बरामद कर जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, उप निरीक्षक विदवा राम यादव एवं प्रधान आरक्षक सुभाष नायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खबर शेयर करें: