Raigarh News: हेल्पिंग हैंड्स की मानवीय पहल, रायगढ़ की मां के लिए दौड़ी मदद, 5 घंटे में रायपुर पहुंचाया, शुरू हुआ निशुल्क इलाज 

रायगढ़ September 18, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: हेल्पिंग हैंड्स की मानवीय पहल, रायगढ़ की मां के लिए दौड़ी मदद, 5 घंटे में रायपुर पहुंचाया, शुरू हुआ निशुल्क इलाज 

Raigarh News: हेल्पिंग हैंड्स की मानवीय पहल, रायगढ़ की मां के लिए दौड़ी मदद, 5 घंटे में रायपुर पहुंचाया, शुरू हुआ निशुल्क इलाज 

 

रायपुर। आर्थिक तंगी के कारण इलाज के लिए परेशान एक परिवार की मदद के लिए हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के सदस्यों ने मानवीय पहल करते हुए रायगढ़ से रायपुर तक मरीज को पहुंचाने और इलाज शुरू कराने की पूरी व्यवस्था की। परिवार के पास इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे और खाने तक के लिए आर्थिक संकट की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में फाउंडेशन के प्रयास से मरीज को महज कुछ घंटों में रायपुर लाकर उपचार शुरू कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, 16 सितंबर को फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य अविनाश बोस को रायगढ़ के एक परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने और उनकी मां के गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिली। बताया गया कि मरीज का इलाज रायपुर में संभव है, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण परिवार के सामने इलाज का संकट खड़ा हो गया था।

सूचना मिलते ही मदद के लिए आगे आए सदस्य
अविनाश बोस ने तत्काल मामले की जानकारी हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन के अन्य सदस्यों को दी। इसके बाद फाउंडेशन के सदस्यों ने मिलकर मरीज को रायगढ़ से रायपुर लाने और इलाज की व्यवस्था करने का निर्णय लिया। फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने श्री बालाजी हॉस्पिटल, मोवा के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र नायक से संपर्क किया। डॉक्टर ने मरीज की स्थिति को देखते हुए अस्पताल में निशुल्क इलाज की सहमति दी। इसके बाद मरीज को रायपुर लाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था की गई।

किसी ने दवा तो किसी ने एंबुलेंस की जिम्मेदारी संभाली
मरीज के उपचार में आने वाली दवाइयों की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल और बबीता अग्रवाल ने संभाली। वहीं, फाउंडेशन की सदस्य भारती मोदी और उपाध्यक्ष ज्योति अग्रवाल ने रायगढ़ से रायपुर तक एंबुलेंस की व्यवस्था की। मरीज और उसके परिजनों के रहने-खाने की जिम्मेदारी अविनाश बोस ने संभाली।

5 घंटे में रायगढ़ से रायपुर पहुंची एंबुलेंस
17 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे मरीज को रायगढ़ अस्पताल से एंबुलेंस के जरिए रायपुर स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल, मोवा के लिए रवाना किया गया। करीब शाम 4:30 बजे एंबुलेंस मरीज को लेकर अस्पताल पहुंची। फाउंडेशन के अनुसार, मरीज के अस्पताल पहुंचने से पहले ही हेल्पिंग हैंड्स क्लब के सदस्य और डॉ. देवेंद्र नायक की टीम वहां मौजूद थी। मरीज के पहुंचते ही चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

जरूरतमंद मरीजों की पहले भी कर चुके हैं मदद
हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन का कहना है कि यह पहली बार नहीं है, जब आर्थिक रूप से कमजोर मरीज की मदद के लिए संगठन आगे आया हो। इससे पहले भी कई जरूरतमंद मरीजों को श्री बालाजी हॉस्पिटल भेजा गया है, जहां डॉ. देवेंद्र नायक की ओर से निशुल्क उपचार किया गया।

फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने जताया आभार
फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल और अन्य सदस्यों ने अस्पताल प्रबंधन तथा डॉ. देवेंद्र नायक का आभार जताया। सदस्यों ने कहा कि उनका प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी जरूरतमंद को इलाज से वंचित न होना पड़े और भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों की हरसंभव मदद जारी रखी जाएगी।

खबर शेयर करें: