रायगढ़

खैरपुर में खौफनाक वारदात : रातभर लापता युवक की सुबह मिली खून से लथपथ लाश

रायगढ़ टॉप न्यूज 15 मई। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव की सीतापुर बस्ती में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 23 वर्षीय युवक की खून से लथपथ लाश मिली। युवक का सिर भारी पत्थर से बेरहमी से कुचला गया था। सुबह करीब 5 बजे ग्रामीणों ने शव को देखा, जिसके बाद तुरंत इसकी सूचना कोतरा रोड पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल और फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को मर्ग पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रवाना किया।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जिला मुख्यालय से लगे ग्राम भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा (23 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गुरुवार की रात करीब साढ़े 9 बजे तिलक अपने दोस्तों के साथ जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह रातभर वापस नहीं लौटा, तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। सुबह खैरपुर गांव में उसकी लाश मिलने की खबर आई। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि रात में तिलक को गांव के ही एक युवक के साथ देखा गया था।

आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद या आपसी रंजिश के चलते अज्ञात आरोपियों ने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। अब पुलिस इस पूरे हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। कातिलों का सुराग लगाने के लिए पुलिस की एक टीम खैरपुर मार्ग और सीतापुर बस्ती के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस ने उन दोस्तों और संदिग्धों की सूची तैयार की है, जिनके साथ तिलक को आखिरी बार देखा गया था।

ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़ा है उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button