छत्तीसगढ़

बिलासपुर में चरित्र शंका पर खौफनाक वारदात; सोती हुई पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर पति ने लगाई आग

 

बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पत्नी पर चरित्र शंका के चलते पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि ग्राम रैलहा भट्ठा निवासी जनीराम यादव अपनी पत्नी मोंगरा बाई यादव (45) के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। वहीं उनके बच्चे घर के अंदर कमरे में सो रहे थे। बताया गया कि सोमवार की रात करीब 2:30 बजे आरोपी पति ने पहले बच्चों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि वे बाहर न निकल सकें। इसके बाद उसने आंगन में सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

अचानक आग की लपटों में घिरी महिला चीखते हुए उठी और खुद को बचाने का प्रयास करने लगी। महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए आंगन में रखी रेत पर लेटकर किसी तरह आग बुझाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर बच्चे बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। बाद में बच्चों ने खिड़की से बाहर झांका तो उनकी मां जलती हालत में मदद के लिए इधर-उधर भागती दिखाई दी। महिला ने आग बुझाने के बाद बच्चों के कमरे की सिटकनी खोली।

घटना के बाद बच्चों और परिजनों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति लंबे समय से उस पर चरित्र शंका करता था और इसी बात को लेकर पहले भी कई बार मारपीट कर चुका था। महिला के अनुसार इसी शंका के कारण आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से पेट्रोल डालकर आग लगा दी।



















पचपेड़ी टीआई कमला पुसाम ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश की जा रही है।



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button