Raigarh News: रायगढ़ में सड़क पर निकला हाथियों का काफिला, शावकों संग पार किया रोड, वन अमले ने रोका ट्रैफिक
Raigarh News: रायगढ़ में सड़क पर निकला हाथियों का काफिला, शावकों संग पार किया रोड, वन अमले ने रोका ट्रैफिक
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में लोगों की आवाजाही थम गई। दरअसल, सड़क पार करते हुए हाथियों का पूरा दल नजर आया। सामारुमा क्षेत्र में नर-मादा हाथियों के साथ शावकों को सड़क पार करते देख राहगीरों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस नजारे को कैद कर लिया। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन अमले ने सावधानीपूर्वक सड़क के दोनों ओर ट्रैफिक रोक दिया, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।
कुछ देर थम गई राहगीरों की आवाजाही
बताया जा रहा है कि, तमनार के सामारुमा क्षेत्र में हाथियों का दल जंगल की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। दल में बड़े हाथियों के साथ शावक भी शामिल थे। हाथियों को सड़क पर देखकर कुछ देर के लिए लोगों की आवाजाही पूरी तरह थम गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और दोनों ओर से यातायात रोक दिया।
शावकों के साथ सुरक्षित पार की सड़क
वन अमले की निगरानी में हाथियों ने धीरे-धीरे सड़क पार की और इसके बाद जंगल की ओर चले गए। इस दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हाथियों के सड़क पार करने का वीडियो भी मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड हुआ।
रायगढ़ वन मंडल में 51 हाथियों की मौजूदगी
वन विभाग के अनुसार, रायगढ़ वन मंडल में फिलहाल कुल 51 हाथियों की मौजूदगी है। इनमें 13 नर हाथी, 32 मादा हाथी और 6 शावक शामिल हैं। क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीमें निगरानी कर रही हैं।