Raigarh News: रायगढ़ में एकीकृत सैनिक कल्याण-सह-मेडीकेयर परिसर का भूमि-पूजन संपन्न, कलेक्टर ने शहीद परिवार को किया सम्मानित, भूतपूर्व सैनिकों को हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन

रायगढ़, 8 मई 2026/ भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों के कल्याण और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ जिले में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत शुक्रवार को एकीकृत सैनिक कल्याण-सह-मेडीकेयर परिसर के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन संपन्न हुआ। पंचायत ट्रेनिंग सेंटर परिसर, छोटे अतरमुड़ा में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने विधिवत भूमि-पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की।
जिला प्रशासन द्वारा आबंटित भूमि पर बनने वाला यह परिसर भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा आश्रित परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परिसर के माध्यम से पूर्व सैनिकों को सैनिक कल्याण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर द्वारा शहीद परिवार को सम्मानित किया गया और कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। कलेक्टर ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय तथा भूतपूर्व सैनिकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने भी एकीकृत सैनिक कल्याण-सह-मेडीकेयर परिसर को पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताते हुए जिला प्रशासन की सराहना की। कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति, सम्मान और गौरव की भावना से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम में रायगढ़ एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 50 से अधिक भूतपूर्व सैनिक, उनके परिवारजन तथा अलंकरण प्राप्त वीर जवान उपस्थित थे। कार्यक्रम में देश सेवा और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति समर्पित सैनिकों के योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया।
इस अवसर पर एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया, जिंदल के प्रमुख सुरक्षा अधिकारी कर्नल शुभांकर मुखर्जी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरिश्चंद्र तिवारी (सेवानिवृत्त), एनसीसी कैडेट्स, शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी के पिता श्री सुभाष त्रिपाठी, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के कर्मचारी लोक निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता श्री अमित कश्यप, मुख्य महाप्रबंधक उद्योग श्रीमती अंजू नायक और जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरिश्चंद्र तिवारी (सेवानिवृत्त) ने उपस्थित अतिथियों, भूतपूर्व सैनिकों एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






