Raigarh News: जिले के अंतिम छोर तक पहुंचा सुशासन, कापू में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, ग्रामीणों में दिखा उत्साह, समस्याओं के समाधान और योजनाओं के लाभ के लिए उमड़ी भीड़

रायगढ़, 10 जून 2026/ पहाड़ों और घने जंगलों से घिरे धरमजयगढ़ विकासखंड के दूरस्थ कापू में बुधवार को सुशासन की सशक्त तस्वीर देखने को मिली। जिले के अंतिम छोर पर बसे इस क्षेत्र में आयोजित समाधान शिविर में 22 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। किसी ने अपनी समस्या बताई, किसी ने अपनी मांग रखी तो किसी ने शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। एक ही मंच पर सुनवाई, समाधान और हितग्राहियों को लाभ वितरण की प्रक्रिया ने ग्रामीणों में उत्साह का माहौल बना दिया। शिविर में प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनेक मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को समय-सीमा के भीतर हल करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई। विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
शिक्षा, कृषि, श्रम एवं अन्य विभागों की सहभागिता वाले इस शिविर में विद्यार्थियों, किसानों और श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। पांच विद्यार्थी मुकेश मांझी, मंजू, प्रशांत कुर्रे, अन्नू टंडन एवं मलिंगा तिग्गा को जाति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कापू द्वारा राजकुमार राठिया, बीरबल राठिया, नरहरि राठिया, लखनलाल राठिया एवं जयलाल राठिया को खरीफ फसल के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण स्वीकृत किया गया। वनांचल क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। जिसमें कक्षा 10वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले जागृति, सौम्या एवं निखिल सोनवानी तथा कक्षा 12वीं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित करने वाली रवीना राठिया को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि सुशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप विगत एक माह से जिलेभर में समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर अपनी समस्याओं, मांगों एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के तहत जिलेभर में 20 से 22 ग्राम पंचायतों का क्लस्टर बनाकर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री प्रवीण भगत, जनपद पंचायत सीईओ श्री मदनलाल साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






