छत्तीसगढ़

चलती कार से बाहर निकल स्टंटबाज़ी और रील बनाना पड़ा भारी, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवकों को दबोचा, काटा भारी-भरकम चालान

दुर्ग। भिलाई टाउनशिप की सड़कों पर बेपरवाह युवाओं द्वारा खुलेआम स्टंटबाजी और रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ समय पहले जहां एक कपल का सड़क पर खुलेआम इश्क लड़ाने का वीडियो वायरल हुआ था, वहीं अब कार की खिड़की के बाहर खड़े होकर फिल्मी गानों पर स्टंट करते युवकों का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। लगातार बढ़ रहे ऐसे खतरनाक स्टंट न केवल युवाओं की जान को जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि सड़कों पर आने-जाने वाले आम लोगों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, यह वीडियो भिलाई के सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-6 मेन रोड का है। यह वही व्यस्त सड़क है जहां रोजाना बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, बीएसपी कर्मचारियों के परिवार और स्थानीय नागरिक आवाजाही करते हैं। वायरल वीडियो में तीन कारें एक के पीछे एक चल रही हैं, जिनमें बैठे युवक खिड़की के बाहर निकलकर फिल्मी गानों की धुन पर स्टंट कर रहे थे।

यह वीडियो जैसे ही इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ, यातायात पुलिस की नजर इस पर पड़ी। वीडियो में दिखाई दे रही कारों के नंबरों के आधार पर दुर्ग यातायात पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने वाहन मालिकों का पता लगाने के बाद उन्हें थाने बुलाया और इस तरह की हरकतों की गंभीरता समझाते हुए कड़ी फटकार लगाई।

देखें VIDEO

यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करने वाले इन युवकों पर पुलिस ने भारी जुर्माना भी लगाया। जानकारी के अनुसार, एक कार पर 13,800 रुपये का चालान काटा गया, जबकि दूसरी कार पर 10,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं और आगे भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय लोगों ने भी इन स्टंटबाजों पर नाराज़गी जताते हुए कहा है कि सोशल मीडिया की रील्स के चक्कर में युवा अपनी जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहे हैं। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में पुलिस को निगरानी और सख्ती और बढ़ाने की आवश्यकता है ताकि टाउनशिप की सड़कों पर सुरक्षित माहौल बना रहे।

दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि कोई भी नागरिक ऐसी खतरनाक गतिविधियों का वीडियो या फोटो देखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दे, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और हादसों को रोका जा सके।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button