देश

दिल्ली में नवजात बच्चों की खरीद फरोख्त करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 5 बच्चे बरामद, 12 आरोपी अरेस्ट 

 

नई दिल्ली,18 जून। दिल्ली पुलिस ने नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े मानव तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया और 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है.उसे इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. महिला खुद को डॉक्टर बताकर एक नर्सिंग होम चलाती थी. पुलिस उसके शैक्षणिक और पेशेवर दस्तावेजों की जांच कर रही है. कार्रवाई के दौरान पांच नवजात बच्चों को सुरक्षित बचाया गया है, जिनमें महज पांच दिन का एक शिशु भी शामिल है.

पुलिस जांच के अनुसार, यह गिरोह विभिन्न राज्यों से नवजात बच्चों को उठाकर उनके जन्म संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर करता था. संतान की चाह रखने वाले दंपत्तियों के हाथों लाखों रुपये में इन शिशुओं को बेच देता था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए अब तक 20 से अधिक नवजात बच्चों की तस्करी की जा चुकी है.

दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में गिरफ्तार आरोपी दिल्ली और राजस्थान से पकड़े गए हैं. जांच में यह भी पता चला है कि कुछ बच्चों की बिक्री हरियाणा में की गई थी. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जोड़कर देख रही है. बचाए गए पांच नवजातों में एक चार महीने का शिशु, दो 27 दिन के, एक 20 दिन का और एक केवल पांच दिन का शिशु है. सभी बच्चों को संरक्षण में रखा गया है और उनके परिजनों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरोह का संचालन बेहद संगठित तरीके से किया जा रहा था. नवजात बच्चों को हासिल करने, दस्तावेज तैयार करने और खरीदारों तक पहुंचाने के लिए अलग-अलग लोगों की भूमिका तय थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस अंतरराज्यीय मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं.

इससे पहले 2 जून को उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस ने बाल तस्करी में कथित रूप से शामिल एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए कई दिनों से लापता 17 वर्षीय किशोर को सकुशल बरामद किया था. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. डीएसपी वरुण मिश्रा ने बताया कि लापता बच्चे की तलाश के दौरान जांच में बाल तस्करी से जुड़े एक सक्रिय गिरोह का पता चला. उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले 14-15 वर्ष का एक लड़का लापता हो गया था, जिसकी तलाश की जा रही थी. जांच के दौरान सामने आया कि इस घटना के पीछे बाल तस्करी में लिप्त एक गिरोह का हाथ है. डीएसपी ने बताया कि गिरोह विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों को निशाना बनाता था. गिरफ्तार सभी आरोपी अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button