Jashpur News: सोशल मीडिया पर की दोस्ती, मोबाइल पर की वर्चुअल शादी, ब्लैकमेल कर सुहागरात मनाने दोस्त को भेजना पड़ा महंगा, आरोपी गिरफ्तार
Jashpur News: सोशल मीडिया पर की दोस्ती, मोबाइल पर की वर्चुअल शादी, ब्लैकमेल कर सुहागरात मनाने दोस्त को भेजना पड़ा महंगा, आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। जशपुर पुलिस ने एक अत्यंत संवेदनशील मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। सोशल मीडिया पर दोस्ती और वर्चुअल शादी का झांसा देकर एक नाबालिग बालिका को ब्लैकमेल करने और उसे अपने साथी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने वाले दूसरे फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला दुलदुला थाना क्षेत्र का है, जहाँ वर्ष 2021 में बिहार निवासी कुंदन राज ने मोबाइल के जरिए 17 वर्षीय नाबालिग से दोस्ती की। कुंदन ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर मोबाइल पर ही शादी की और सुहागरात के नाम पर वीडियो कॉल के जरिए उसका अश्लील वीडियो बना लिया।
जब पीड़िता ने वीडियो बनाना बंद किया, तो कुंदन राज ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेलिंग के चलते, उसने पीड़िता को अपने दोस्त दिलीप चौहान को ‘सुहागरात’ के नाम पर शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने कुंदन राज को वर्ष 2022 में ही पटना, बिहार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
दूसरा आरोपी दिलीप चौहान (उम्र 29 वर्ष) घटना के बाद से ही फरार था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी को गोवा तक ट्रैक किया। हालांकि वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, लेकिन लगातार तलाश के बाद उसे कुनकुरी क्षेत्र से पकड़ लिया गया।
आरोपी दिलीप चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया गया था। पुलिस की इस कार्रवाई से महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के प्रति उसकी संवेदनशीलता साबित हुई है।