CG News: जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ September 23, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

CG News: जमीन को भारमुक्त बताकर 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। थाना चांपा क्षेत्र में जमीन को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44 वर्ष), निवासी मारुति विहार कॉलोनी चांपा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बरपाली चौक चांपा निवासी वरुण सोमानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला स्थित कुल 22 खसरों की 4.95 एकड़ जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताते हुए 29.70 लाख रुपये में सौदा किया। पूरी रकम प्राप्त करने के बाद आरोपी ने 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित किया।

बाद में आरोपी ने उक्त भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। शेष जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए कहने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। शिकायतकर्ता द्वारा राजस्व अभिलेखों की जांच कराए जाने पर जमीन के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

पिता से भी लिए 20 लाख रुपये

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता के पिता से चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताकर 20 लाख रुपये लिए थे। बाद में उक्त संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।

इस तरह आरोपी द्वारा जमीन की वास्तविक स्थिति छिपाकर कुल 49.70 लाख रुपये प्राप्त किए जाने का आरोप है। शिकायत के आधार पर थाना चांपा में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह सहित थाना चांपा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

खबर शेयर करें: