Raigarh News: गर्ग फर्नीचर पर वन विभाग की कार्रवाई, अवैध लकड़ी की चिराई पकड़ी, टीम ने मशीन किया सील, स्टोरेज की भी जांच जारी

रायगढ़. रायगढ़ जिले के खरसिया स्थित गर्ग फर्नीचर में वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने कार्रवाई की। यहां साल की लकड़ी के अवैध लट्ठों की चिराई की जा रही थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
वन विभाग ने आरा मशीन को सील कर दिया है। साथ ही मौके पर रखी दूसरी लकड़ियों के भंडारण की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की उड़नदस्ता टीम को गर्ग फर्नीचर में अवैध लकड़ियों की चिराई किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने खरसिया वन अमले के साथ मिलकर मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान टीम को साल के 4 लट्ठे मिले। फर्नीचर संचालक भीमप्रकाश अग्रवाल के पास इन लकड़ियों से जुड़े कोई जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। मौके पर इन लट्ठों की चिराई भी की जा रही थी।
इसके बाद वन विभाग ने करीब 1.525 घन मीटर अवैध लकड़ी जब्त कर ली। जिस आरा मशीन से लकड़ियों की चिराई हो रही थी, उसे भी सील कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि फर्नीचर के यहां काफी मात्रा में लकड़ियां रखी हुई हैं। वन विभाग अब इन सभी लकड़ियों के दस्तावेजों की जांच कर रहा है। अगर कोई लकड़ी बिना दस्तावेज या अवैध पाई जाती है, तो उसे भी जब्त किया जाएगा।
कार्रवाई अभी जारी
उड़नदस्ता सहायक प्रभारी संदीप नामदेव ने बताया कि गर्ग फर्नीचर में आरा मिल का लाइसेंस बजरंग सॉ मिल के नाम से है। इसका संचालन भीम प्रकाश अग्रवाल कर रहे हैं।
जांच के दौरान वहां साल के 4 लट्ठे बिना दस्तावेज के मिले। इनकी चिराई की जा रही थी। संचालक लकड़ियों से जुड़े जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद वन विभाग ने लकड़ियां जब्त कर आरा मशीन को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई अभी जारी है।
पहले भी कई आरा मशीन हो चुकी हैं सील
जानकारों का कहना है कि शहर में कई आरा मशीनें चल रही हैं और इनमें बड़ी मात्रा में लकड़ियों का भंडारण भी किया जाता है। ऐसे में इन सभी जगहों पर भी जांच की जरूरत है।
बताया जाता है कि करीब 7-8 साल पहले तत्कालीन प्रभारी रेंजर राजेश्वर मिश्रा और उनकी टीम ने आरा मशीनों की जांच की थी। उस दौरान 3-4 आरा मशीनों को सील किया गया था। साथ ही वन विभाग ने बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ियां भी जब्त की थीं।