Raigarh News: रायगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में छा रहा कोहरा, रात में ठंड का असर ज्यादा, शहर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री
Raigarh News: रायगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में छा रहा कोहरा, रात में ठंड का असर ज्यादा, शहर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री
रायगढ़। रायगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का अधिक असर है। शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से लेकर रात भर तेज ठंड पड़ रही है। ऐसे में अब सुबह 5 से 6 बजे तक कुछ इलाकों में कोहरा भी देखा जा रहा है। जिससे उस समय विजिबिलिटी काफी कम रहती है।
छाल क्षेत्र के बोजिया रोड का एक वीडियो भी सामने आया है। जहां सुबह के समय काफी घना कोहरा छाया हुआ था और आगे का रास्ता स्पष्ट नजर नहीं आने से वाहनों की रफ्तार भी धीमी हो गई थी।
हल्की ठंडी हवाओं के कारण तेज ठंड का एहसास है और शहर की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में करीब 2 डिग्री तापमान में गिरावट है।रायगढ़ के न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने से अब न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री व अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस तक है, पर शीतलहर की वजह से ठंड का एहसास है। वहीं सोमवार से मौसम में बदलाव देखा गया है और मंगलवार को भी आसमान पर हल्के बादल छाए रहे।
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में तेज ठंड पड़ने की वजह से सड़कें सूनी हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में 8 बजे के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, तो शहरी क्षेत्र में रात 10 बजे के बाद लोग घरों में रह रहे हैं। इसके अलावा तेज ठंड से बचने के लिए अलाव व गरम कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं।
तापमान में 1 डिग्री की गिरावट
मौसम विभाग के रिकार्ड के अनुसार आने वाले समय में न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट होने का अनुमान है। शुक्रवार से न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सप्ताह भर न्यूनतम व अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है।