पूछापारा तालाब के पास जुआ खेलते 05 जुआरी गिरफ्तार, 8,650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश जब्त

रायगढ़ । एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा जिले में जुआ-सट्टा पर प्रभावी अंकुश लगाने “ऑपरेशन अंकुश” के तहत लगातार कार्रवाई जारी है । इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने बीते रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पूछापारा तालाब के पास जुआ खेल रहे पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से नगदी रकम, ताश की गड्डी तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई है। आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने के साथ-साथ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 08-09 जून 2026 की दरम्यानी रात्रि में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति पूछापारा तालाब के पार 52 पत्ती ताश से रूपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी गई।
पुलिस कार्रवाई के दौरान मौके से जुआ खेलते हुए जुआरी – (1) कृष्णा निराला पिता रामाधार निराला, उम्र 25 वर्ष, निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती रायगढ़, (2) सूरज कुमार निराला पिता मुनकु निराला, उम्र 23 वर्ष, निवासी बुनगा थाना पुसौर, हाल मुकाम ढिमरापुर रायगढ़, (3) मोहन वासुदेव पिता रवि वासुदेव, उम्र 32 वर्ष, निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती रायगढ़, (4) कुश साहू पिता डमरूधर साहू, उम्र 31 वर्ष, निवासी ढिमरापुर पुरानी बस्ती रायगढ़ तथा (5) अमर यादव पिता राम यादव, उम्र 32 वर्ष, निवासी इंदिरानगर रायगढ़ को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान जुआ फड़ एवं आरोपियों के पास से कुल 8,650 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश तथा एक दरी जब्त की गई।
आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतवाली में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं, मौके पर आरोपियों द्वारा उग्र व्यवहार किए जाने की आशंका को देखते हुए उनके विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) BNSS के तहत पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में की गई इस जुआ रेड कार्रवाई में प्रधान आरक्षक हेमंत चंद्रा, आरक्षक बीरबल भगत, कमलेश यादव, कोमल तिवारी, घनश्याम ध्रुव एवं प्रदीप मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आम नागरिकों से अपील है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






