रायगढ़

Raigarh News:रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग को मिला 20 बिस्तरों का नया वार्ड

सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ मरीजों को मिलेगा बेहतर उपचार





रायगढ़, 30 मार्च 2026/ रायगढ़ स्थित स्व.लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाले नए अतिरिक्त वार्ड का शुभारंभ किया गया। बता दें कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प को लगातार जमीन पर उतारा जा रहा है। इसी क्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल तथा वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में किए गए इस विस्तार से विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। नए वार्ड के शुभारंभ से रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवती महिलाओं को अब बेहतर और समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। यह पहल न केवल अस्पताल की क्षमता को बढ़ाएगी, बल्कि मातृ मृत्यु दर को कम करने और सुरक्षित प्रसव को बढ़ावा देने में भी सहायक साबित होगी।

अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पहले 60 बिस्तरों की व्यवस्था थी, लेकिन कई बार मरीजों की संख्या 90 से 100 तक पहुंच जाती थी। ऐसी स्थिति में मरीजों को समुचित सुविधा और आराम देने में कठिनाई होती थी। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से 20 बिस्तरों का नया वार्ड शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि नए वार्ड में बेहतर साफ-सफाई, आवश्यक उपकरणों और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ.टी.के. साहू ने कहा कि नए वार्ड के शुरू होने से अब मरीजों को अधिक सुव्यवस्थित और आरामदायक वातावरण में उपचार मिल सकेगा। इस अवसर पर डॉ. सविता अहिरवाल, डॉ. राघवेन्द्र महिलांगे, डॉ. नरेश पटेल सहित विभाग के सभी चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button