बलौदाबाजार: आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 35 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त
बलौदाबाजार: आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 35 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त
बलौदाबाजार। आबकारी आयुक्त आर. संगीता के निर्देश पर कलेक्टर दीपक सोनी एवं जिला आबकारी अधिकारी मुकेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में पलारी वृत्त क्षेत्र में आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने 35 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की है। इस शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 7,000 रुपए बताया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पलारी के ग्राम खैरी में आरोपी लख्खीराम (पिता: कुनुराम, साकिन कानाकोट) के कब्जे से 10 लीटर हाथभठ्ठी महुआ शराब बरामद की गई। इसके अलावा, अवैध कच्ची महुआ शराब की मुखबीरी सूचना पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान 30 किलोग्राम क्षमता वाली प्लास्टिक बोरी में 20 नग कुल 600 किलो महुआ लाहन और 5 लीटर क्षमता वाली 5 जरीकेन में कुल 25 बल्क लीटर महुआ शराब नाले में लावारिस हालत में मिली। मौके पर महुआ लाहन की सेंपलिंग की गई और सभी लाहन को नष्ट कर दिया गया।
कुल मिलाकर 35 बल्क लीटर महुआ शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 7,000 रुपए और 600 किलो महुआ लाहन का बाजार मूल्य 36,000 रुपए बताया गया।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)क(च), 34(2), 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। साथ ही अज्ञात आरोपी की भी तलाश जारी है।