CG News: अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख से अधिक का गबन, फर्जी रसीद और सील बनाकर सामान उड़ाया, तीन कर्मचारियों पर मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ October 26, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
CG News: अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख से अधिक का गबन, फर्जी रसीद और सील बनाकर सामान उड़ाया, तीन कर्मचारियों पर मामला दर्ज

CG News: अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख से अधिक का गबन, फर्जी रसीद और सील बनाकर सामान उड़ाया, तीन कर्मचारियों पर मामला दर्ज

अम्बिकापुर. खरसिया रोड स्थित अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी में 50 लाख रुपये से अधिक का सामान गबन करने का मामला सामने आया है। कंपनी के कर्मचारियों ने फर्जी रसीद व सील बनाकर पिछले चार महीनों में यह धोखाधड़ी की है। कोतवाली थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देवीगंज रोड निवासी कान्हा अग्रवाल खरसिया रोड में अग्रवाल ट्रेडिंग कंपनी चलाते हैं। उनकी कंपनी में पिछले छह साल से अंजुम निशा बतौर बिलिंग ऑपरेटर कार्यरत थी। करीब छह महीने पूर्व संचालक ने कर्मचारी रविंद्र यादव उर्फ विक्की को काम से निकाल दिया था। इसके बाद बिलिंग ऑपरेटर अंजुम निशा और रविंद्र यादव ने मिलकर कंपनी के नाम की फर्जी सील बनवा ली।
फर्जी रसीद से सामान पार करने का खेल
इसके बाद दोनों आरोपियों ने कंपनी की फर्जी नकदी रसीद बनाकर सामान निकालना शुरू कर दिया। वे चार महीने से पिकअप और अन्य मालवाहकों से सामान बाहर भेज रहे थे। सामान ट्रेडिंग कंपनी से गंगापुर स्थित एक गोदाम में पहुंचाया जाता था। वहां से आरोपी आसपास की दुकानों में माल की सप्लाई कर रहे थे। इस मामले में रूपेश यादव भी शामिल था। तीनों मिलकर चार महीनों से सामान की अवैध बिक्री कर रहे थे।

कर्मचारी के खुलासे के बाद खुली पोल
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक कर्मचारी सचिन टोप्पो ने संचालक कान्हा अग्रवाल को फर्जी नकदी रसीद से हेराफेरी की जानकारी दी। संचालक ने रसीदों और खातों की जांच की तो चार महीने में 50 लाख रुपये से अधिक के सामान का गबन सामने आया। कान्हा अग्रवाल की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी अंजुम निशा, रविंद्र यादव और रूपेश यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खबर शेयर करें: