Raigarh News: रायगढ़ में हाथियों का आतंक, मकान तोड़ा, लोगों ने अंधेरे में भागकर बचाई जान

रायगढ़ November 28, 2025 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: रायगढ़ में हाथियों का आतंक, मकान तोड़ा, लोगों ने अंधेरे में भागकर बचाई जान

Raigarh News: रायगढ़ में हाथियों का आतंक, मकान तोड़ा, लोगों ने अंधेरे में भागकर बचाई जान

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ वन मंडल में सुबह लगभग 4 बजे 20 हाथियों का झुंड एक गांव में आ गया। हाथियों ने वहां एक कच्चा मकान तोड़ दिया। घर में रह रहे लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हाथियों ने खेतों में रखी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग अभी नुकसान का पता लगा रहा है। यह घटना कापू रेंज की है।

मिली जानकारी के अनुसार, कापू वन परिक्षेत्र के जंगल में 20 हाथियों का एक झुंड घूम रहा था। शुक्रवार सुबह लगभग 4 बजे यह झुंड जंगल से निकलकर मिरीमुड़ा बीट के फिटिंगपारा गांव में पहुंच गया। खाने की तलाश में हाथियों के झुंड में से 2 हाथियों ने रूचा यादव के घर की कच्ची दीवार तोड़ दी। हाथियों के आने की खबर मिलते ही रूचा यादव और उनके परिवार के लोग किसी तरह घर से बाहर निकले और अंधेरे में सुरक्षित स्थान की ओर भागकर अपनी जान बचाई।

इसके अलावा, खम्हार गांव के पूर्व सरपंच चिंतामणि राठिया ने अपने खेत में मिसाई के लिए धान इकट्ठा किया था, जिसे हाथियों ने रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दिया। हाथियों के आने की सूचना वन विभाग को दी गई। जिसके बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन करना शुरू कर दिया है।

 

धरमजयगढ़ वन मंडल में इस समय पहले की तुलना में हाथियों की संख्या कम है, लेकिन खाना तलाश करते हुए वे गांवों और खेतों के पास पहुंच जा रहे हैं। पूरे धरमजयगढ़ वन मंडल में अभी कुल 31 हाथी हैं। इनमें 17 नर हाथी, 9 मादा हाथी और 5 बेबी एलीफेंट शामिल हैं। कुछ हाथी अलग-अलग रेंज में अकेले घूम रहे हैं, जबकि 20 हाथियों का एक झुंड कापू रेंज में मौजूद है।

खबर शेयर करें: