CG में हाथियों का उत्पात जारी, घरों को तोड़कर अनाज खा गए हाथी, रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण
CG में हाथियों का उत्पात जारी, घरों को तोड़कर अनाज खा गए हाथी, रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर ग्रामीण
अम्बिकापुर। मैनपाट वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कंडराज के बरडाढ़ गांव में देर रात 14 हाथियों के दल ने धावा बोलकर ग्रामीणों के घरों और खेतों में जमकर उत्पात मचाया। लोगों के घर तोड़े गए, अनाज खा लिया गया और खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।
कंडराज के बरडाढ़ गांव में हाथियों का तांडव
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों का दल देर रात गांव में घुस आया और चार घरों को तोड़ दिया। घरों में रखा अनाज हाथियों ने खा लिया, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। मक्का और टमाटर की फसलों को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।
14 हाथियों का दल इलाके में कर रहा विचरण
मैनपाट क्षेत्र में पिछले कई दिनों से 14 हाथियों का दल लगातार घूम रहा है। हाथियों की आवाजाही अनियमित होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोग रात्रि में समूह बनाकर गांव की सुरक्षा में पहरा दे रहे हैं।
वन विभाग की लगातार मॉनिटरिंग
वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और हाथियों की मूवमेंट की मॉनिटरिंग कर रही है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे हाथियों से दूर रहें, समूह में रहें और किसी भी प्रकार की उकसाने वाली गतिविधि न करें। टीम द्वारा गांव में लगातार गश्त करते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है।