Raigarh News: गाय को बचाने के फेर में ट्रेन से टकराकर बुजुर्ग की मौत, घरघोड़ा के कंचनपुर रेलवे ट्रैक की घटना
ai file photo
रायगढ़। घरघोड़ा क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर में रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन आने के दौरान एक गाय रेलवे ट्रैक पर आ गई थी। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग गाय को बचाने के लिए ट्रैक पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले कि वे खुद सुरक्षित हट पाते, ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ समय पहले इसी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक हाथी ट्रेन की चपेट में आ गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब एक बुजुर्ग की जान जाने से लोगों में चिंता और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि घरघोड़ा क्षेत्र में रेलवे लाइन बिछने के बाद से ट्रैक गांवों और चराई वाले इलाकों के बीच से गुजर रहा है। इसके बावजूद पशुओं और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। कई स्थानों पर न तो सुरक्षा घेराबंदी है और न ही ऐसे उपाय, जिनसे पशु ट्रैक तक पहुंचने से रोके जा सकें।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते रेलवे प्रशासन और संबंधित विभाग ने प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की, तो आने वाले समय में ऐसे हादसे और बढ़ सकते हैं। उनका मानना है कि विकास के साथ सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है, क्योंकि हर हादसे के बाद एक परिवार अपना सहारा खो देता है। फिलहाल घटना की सूचना मिलने के पुलिस को दे दी गई है।