शराब के नशे में पति बना हैवान: बांस के डंडे से पत्नी को पीटा, फिर पैर से गला दबाकर उतारा मौत के घाट

रायगढ़ November 19, 2026 • रिपोर्टर: raigarh top news
शराब के नशे में पति बना हैवान: बांस के डंडे से पत्नी को पीटा, फिर पैर से गला दबाकर उतारा मौत के घाट

शराब के नशे में पति बना हैवान: बांस के डंडे से पत्नी को पीटा, फिर पैर से गला दबाकर उतारा मौत के घाट

कापू के कोनपारा में मामूली विवाद के बाद 22 वर्षीय पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार; वारदात में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त

रायगढ़, 19 नवंबर। जिले के कापू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में पति ने अपनी 22 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से पिटाई करने के बाद पैर से गला दबाकर हत्या कर दी। मामूली बात पर हुए विवाद में आरोपी ने पहले हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला किया। घटना के बाद मृतिका की मां की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी सोमारी पहाड़ी कोरवा की शादी करीब चार वर्ष पहले सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26) से हुई थी। 15 नवंबर को दोनों घरेलू और व्यक्तिगत सामान खरीदने कोनपारा विजयपुर गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में दोनों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। रात होने और नशे की हालत में पत्नी रास्ते में कई जगह गिर गई। कपड़े गीले होने पर वह उन्हें उतारकर खेत के पास बैठ गई।

आरोपी उसे घर चलने के लिए कहता रहा, लेकिन पत्नी के नहीं मानने पर वह गुस्से से बेकाबू हो गया। उसने पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से बेरहमी से मारपीट की। जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी नहीं रुका और पैर से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की रिपोर्ट 17 नवंबर को मृतिका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा निवासी ग्राम सारुजोबा, जिला सरगुजा ने कापू थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने पुलिस टीम के साथ ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश देकर संदेही सत्यनारायण को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा भी जब्त किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी एवं पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने की संयम बरतने की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद और छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर हिंसा करना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है। ऐसे विवाद कई बार गंभीर अपराधों का कारण बनते हैं, जिसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है। उन्होंने नागरिकों से विवाद की स्थिति में संयम बरतने और हिंसा होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साथ ही कहा कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

खबर शेयर करें: