Raigarh: कार पर लाइट गिरने पर ड्राइवर को 6 दिन रोका, 50 हजार रुपए मांगने का आरोप, KIA शो-रूम मैनेजर समेत 2 पर केस दर्ज
Raigarh: कार पर लाइट गिरने पर ड्राइवर को 6 दिन रोका, 50 हजार रुपए मांगने का आरोप, KIA शो-रूम मैनेजर समेत 2 पर केस दर्ज
रायगढ़. रायगढ़ जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र में कंटेनर ड्राइवर को कथित तौर पर 6 दिन तक जबरन रोककर 50 हजार रुपए हरजाना मांगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंटेनर को बैक करने के दौरान बिजली खंभे पर लगा लाइट सेट टूटकर KIA शो-रूम की नई कार पर गिर गया था।
कार के पिछले हिस्से में नुकसान होने के बाद शो-रूम मैनेजर समेत दो लोगों ने ड्राइवर को रोक लिया। परेशान ड्राइवर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
TVS की गाड़ियां लेकर रायगढ़ पहुंचा था ड्राइवर
राजस्थान के घिसेड़ा गांव निवासी अली मोहम्मद (41) ड्राइवरी का काम करता है। वह 21 अगस्त को 6 चक्का कंटेनर वाहन में टीवीएस एक्सएल मोपेड लोड कर बेंगलुरु से रायगढ़ के लिए निकला था। 25 अगस्त की रात वह रायगढ़ पहुंचा।
अगले दिन उसे भगवानपुर स्थित अपराजिता टीवीएस शो-रूम के गोदाम में गाड़ियां उतारनी थीं। अली मोहम्मद गोदाम परिसर में कंटेनर को पीछे कर रहा था। इसी दौरान वाहन का ऊपरी हिस्सा परिसर में लगे बिजली के खंभे से टकरा गया।
लाइट सेट टूटकर नई कार पर गिरा
टक्कर से बिजली खंभे पर लगा हैलोजन लाइट सेट टूट गया। लाइट सेट परिसर के दूसरी ओर खुले स्थान में खड़ी KIA शो-रूम की नई कार के ऊपर जा गिरा। इससे कार के दाहिने पिछले दरवाजे के ऊपरी हिस्से में नुकसान हुआ।
50 हजार रुपए की मांग का आरोप
शिकायत के मुताबिक, कार में नुकसान के बाद KIA शो-रूम के मैनेजर आशीष गोस्वामी और मुकेश ने कंटेनर के सामने एक कार खड़ी कर दी। दोनों ने ड्राइवर से नुकसान के बदले 50 हजार रुपए देने की मांग की।
अली मोहम्मद ने 5 हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन दोनों कथित तौर पर इसके लिए तैयार नहीं हुए। चालक का आरोप है कि 26 अगस्त से 31 अगस्त तक उसे वहीं रोककर रखा गया और वह मजबूरी में अपने वाहन में ही सोता रहा।
धमकी देने का भी आरोप
ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी उसे धमकाते थे कि यदि 50 हजार रुपए नहीं दिए तो उसके खिलाफ एक्सीडेंट की रिपोर्ट दर्ज करा दी जाएगी। लगातार रोककर रखे जाने से परेशान होकर अली मोहम्मद ने कोतरा रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
BNS की धाराओं में मामला दर्ज
शिकायत के आधार पर पुलिस ने KIA शो-रूम के मैनेजर आशीष गोस्वामी और मुकेश के खिलाफ BNS की धारा 126(2) और 308(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर घटना के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी है।