Jashpur News: मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपए को लेकर विवाद, बाप-बेटे ने युवक की कर दी हत्या
Jashpur News: मृत बछड़े को दफनाने के मिले रुपए को लेकर विवाद, बाप-बेटे ने युवक की कर दी हत्या
जशपुर। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई पाठ में मृत बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपए में हिस्सेदारी मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान पिता-पुत्र ने अपने ही गांव के एक युवक के सिर पर लकड़ी के बहिंगा और पत्थर से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को ग्राम कंदराई पाठ निवासी अघनू राम कोरवा ने सन्ना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी फगुआ राम कोरवा (50) और उसका पुत्र बृजनाथ राम कोरवा (21) लकड़ी बेचने सन्ना आए थे। इसी दौरान सन्ना निवासी राजू नामक व्यक्ति ने अपने घर के मृत बछड़े को दफनाने के लिए दोनों से कहा। आरोपियों ने बछड़े को दफना दिया, जिसके एवज में उन्हें रुपए मिले थे।
इसी दौरान पंचायत भवन सन्ना के पास आरोपियों की मुलाकात मृतक फगुआ राम (30) से हुई। मृतक ने बछड़े को दफनाने के बदले मिले रुपए में अपना हिस्सा मांगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि फगुआ राम और बृजनाथ राम ने लकड़ी के बहिंगा और पास पड़े पत्थर से फगुआ राम के सिर पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।
घायल को एंबुलेंस से उपचार के लिए जशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट के कारण मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
मामले में थाना सन्ना में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बहिंगा और पत्थर भी जब्त कर लिया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक सीरद साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक रविंद्र एक्का, आरक्षक मनोज जांगड़े, सुरेश टोप्पो और संतोष प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।