CG: कर्ज ने बनाया अपराधी; कलेक्ट्रेट पार्किंग में खड़ी कार से गायब हुए थे लाखों रुपये, पुलिस ने मास्टरमाइंड दोस्त सहित 2 को दबोचा, गबन की गई शत-प्रतिशत रकम 36.50 लाख बरामद

रायपुर। रायपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जहाँ दोस्त ने ही दोस्त की पीठ में छुरा घोंप दिया। जमीन खरीदने के लिए रखे 36 लाख 50 हजार रुपये हड़पने की नीयत से एक युवक ने अपने ही साथी के साथ गद्दारी की। हालांकि, रायपुर पुलिस की एण्टी क्राईम यूनिट और सिविल लाईन पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।
प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पिरदा ने थाना सिविल लाईन रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 16.02.2026 को वह ग्राम पिरदा स्थित भूमि को 36,50,000 रुपये में गंगूराम यादव से क्रय करने का सौदा किया था तथा टोकन राशि देने के लिए वह अपने साथी नितिन सोनी के साथ कार क्रमांक सी जी 17 आर जे 1911 से रजिस्ट्री ऑफिस, कलेक्ट्रेट परिसर रायपुर पहुंचकर मल्टीलेवल पार्किंग महतारी चौक में कार खड़ी किया। प्रार्थी ने कार की चाबी नितिन सोनी को देकर वह रजिस्ट्री कार्यालय गया। कुछ समय बाद नितिन सोनी ने फोन कर बताया कि कार में रखें सफेद कपड़े के थैले में रखे 36,50,000 रुपये चोरी हो गए हैं। प्रार्थी ने आकर कार की जांच की तो रकम गायब थी। पूछताछ पर नितिन सोनी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। प्रार्थी को संदेह है कि नितिन सोनी ने एक अन्य के साथ मिलकर विश्वासघात करते हुए रकम का गबन किया है, कि प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध थाना सिविल लाईन में अपराध क्रमांक 94/26 धारा 316(2), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
लाखों रूपये गबन की घटना को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा गंभीरता से लेते हुये अपने अधिनस्थ अधिकारियों तथा क्राईम/साईबर के अधिकारियों को मामले की तस्दीक कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिये।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट तथा थाना सिविल लाईन पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। प्रार्थी के साथी नितिन सोनी से भी घटना के संबंध में विस्तार से पूछताछ की गई। टीम के सदस्यों द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन करने पर पाया गया कि प्रार्थी की कार के पास काले रंग की स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति आते-जाते दिखाई दे रहा था। साथ ही प्रकरण में तकनीकी विश्लेषण भी किया गया।
नितिन सोनी से पूछताछ करने पर वह बार-बार अपना बयान बदलकर टीम के सदस्यों को गुमराह करता रहा तथा उसके द्वारा बताए अनुसार घटना घटित होना नहीं पाया गया। इस पर टीम को नितिन पर गहरा संदेह हुआ और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ प्रारंभ की गई। घटनास्थल के रिक्रिएशन ऑफ सीन तथा तकनीकी कड़ियों में भिन्नता पाए जाने पर नितिन अधिक देर तक अपने झूठ पर कायम नहीं रह सका और अंततः अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर रकम गबन करने की घटना कारित करना स्वीकार किया। जिस पर घटना में संलिप्त तनवीर आलम की पतासाजी कर उसे भी गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी नितिन सोनी ने बताया कि प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे और उसके बीच लंबे समय से मित्रता है। पूर्व में प्रार्थी ज्ञानप्रकाश पांडे एवं नितिन दोनों पिरदा स्थित भूमि का कुछ पैसा भूमि स्वामी को देने गए थे। उसी दौरान प्रार्थी ने उसे बताया था कि रजिस्ट्री के समय भूमि स्वामी को शेष रकम देनी है तथा उसे अपने साथ रजिस्ट्री कार्यालय चलने के लिए कहा था। नितिन सोनी अत्यधिक कर्ज में डूबा होने के कारण परेशान था। इसी दौरान उसने अपने साथी तनवीर आलम के साथ मिलकर प्रार्थी की रकम हड़पने की योजना बना ली। घटना के दिन नितिन ने प्रार्थी को अपने भरोसे में लेकर उसे रजिस्ट्री कार्यालय भेज दिया और अपने साथी तनवीर आलम को बुलाकर प्रार्थी के 36 लाख 50 हजार रुपये गबन कर लिये, इस कार्य हेतु नितिन सोनी ने तनवीर आलम को 02 लाख रूपये देने कहा था।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गबन की संपूर्ण रकम 36 लाख 50 रूपये जप्त कर कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
01. नितिन कुमार सोनी पिता बुलाकी रामसोनी उम्र 32 साल निवासी मकान नंबर 329 सुमित लैंडस्केप थाना विधानसभा रायपुर।
02. तनवीर आलम पिता मोहम्मद कलाम उम्र 28 साल निवासी पार्किंग नंबर 04 रावाभांठा ट्रांसपोर्ट नगर थाना खमतराई रायपुर।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






