छत्तीसगढ़

निशानेबाजों के लिए बड़ी खबर! 11 जुलाई से शुरू होगी छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट, माना रेंज में दिखेगा दम

भारी बारिश के चलते बदली गई तारीख, 10, 25 और 50 मीटर राइफल-पिस्टल स्पर्धाओं में प्रदेशभर के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

 





रायपुर। प्रदेश के निशानेबाजों का सबसे बड़ा मुकाबला अब 11 जुलाई से शुरू होगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन (CGPRA) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग मीट का आयोजन माना कैंप स्थित शूटिंग रेंज में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ी अपनी निशानेबाजी का हुनर दिखाते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में पदक के लिए मुकाबला करेंगे।

प्रतियोगिता में 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें विभिन्न आयु और वर्गों के निशानेबाज हिस्सा लेंगे।

एसोसिएशन के अनुसार, यह प्रतियोगिता पहले 8 जुलाई से प्रस्तावित थी, लेकिन क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए इसे स्थगित कर नई तिथि तय की गई। यह निर्णय प्रतिभागियों, अधिकारियों और आयोजन दल की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

प्रतिभागी निशानेबाजों के लिए 12 जुलाई को विशेष प्रशिक्षण एवं अभ्यास सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके तुरंत बाद प्रतियोगिता के मुकाबले शुरू होंगे।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राइफल एसोसिएशन ने संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रतियोगिता के सफल आयोजन और प्रदेशभर के खिलाड़ियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की उम्मीद जताई है। राज्य स्तरीय इस प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button