Raigarh News: साइबर जागृति अभियान : साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी रायगढ़ पुलिस, तैयार हो रही शॉर्ट फिल्म

रायगढ़ September 22, 2026 रिपोर्टर: raigarh top news
Raigarh News: साइबर जागृति अभियान : साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी रायगढ़ पुलिस, तैयार हो रही शॉर्ट फिल्म

Raigarh News: साइबर जागृति अभियान : साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाएगी रायगढ़ पुलिस, तैयार हो रही शॉर्ट फिल्म

म्यूल अकाउंट और APK के जरिए होने वाली साइबर ठगी से बचाव का संदेश देगी फिल्म

रायगढ़ पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी निभा रहे किरदार, ऋभू समर्थ सिंह कर रहे फिल्म का निर्देशन

 रायगढ़, 22 सितंबर । छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे *“साइबर जागृति अभियान”* के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए एक अभिनव पहल की जा रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म तैयार की जा रही है।

यह शॉर्ट फिल्म रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित “लघु फिल्म प्रतियोगिता” का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा म्यूल अकाउंट, APK सहित अन्य माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने के तरीकों को कहानी के माध्यम से दर्शाया जा रहा है।

फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। फिल्म में रायगढ़ पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी भी अभिनय कर रहे हैं, वहीं रायपुर से कलाकारों एवं टेक्निशियन की टीम भी फिल्म निर्माण में सहयोग के लिए रायगढ़ पहुंची है। फिल्म का निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह द्वारा किया जा रहा है।

इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम में भी फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों की शूटिंग की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने फिल्म निर्माण एवं साइबर जागरूकता अभियान के संबंध में जानकारी दी।

एसएसपी  शशि मोहन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेश के सभी जिलों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता के लिए विशेष अभियान “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस द्वारा अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग कांसेप्ट के माध्यम से आमजन के बीच पहुंचकर साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा तैयार की जा रही है , यह फिल्म कंपटीशन का हिस्सा नहीं होगी। इस शॉर्ट फिल्म के माध्यम से यह बताने का प्रयास किया जा रहा है कि साइबर अपराधी किस तरह म्यूल अकाउंट और APK फाइलों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। फिल्म का उद्देश्य साइबर ठगी के तरीकों को सरल एवं प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाकर उन्हें सतर्क करना है।

रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित “लघु फिल्म प्रतियोगिता” की जानकारी

संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता

साइबर जागृति अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ लघु फिल्म प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की थीम “संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” रखी गई है।

प्रतियोगिता में 2 कैटगरी पर साइबर अपराधों से संबंधित विषयों पर प्रतिभागी अधिकतम 3 मिनट का वीडियो अथवा 6 मिनट तक की लघु फिल्म तैयार कर सकते हैं। तैयार फिल्म अथवा वीडियो को Google Drive या किसी अन्य विश्वसनीय फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका लिंक [email protected] पर साझा करना होगा। प्रतियोगिता के दोनों कैटगरी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय के लिए कुल 3 लाख 75 हजार तक के इनाम रखा गया है । कार्यक्रम में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है।

प्रतिभागियों के लिए फिल्म/वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

खबर शेयर करें: