Raigarh News: ढाबा और गैरेज में चोरी करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, मोबाइल, जैक और बाइक बरामद
Raigarh News: ढाबा और गैरेज में चोरी करने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार, मोबाइल, जैक और बाइक बरामद
रायगढ़। रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में ढाबा और गैरेज में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल, दो प्रेसर जैक और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को ग्राम हाटी स्थित मितान ढाबा के संचालक भागीरथी साहू ने थाना छाल में शिकायत दर्ज कराई कि 25 जुलाई की रात ढाबा बंद करने के बाद सुबह उठने पर बिल काउंटर से उनका वीवो वाय-12 मोबाइल चोरी हो चुका था। वहीं पास के गैरेज संचालक अशरफ अली ने भी अपने गैरेज से दो प्रेसर जैक चोरी होने की सूचना दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में रात करीब 2:15 बजे एक युवक पहले ढाबे से मोबाइल और बाद में गैरेज से दो प्रेसर जैक मोटरसाइकिल में ले जाते हुए दिखाई दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹17 हजार आंकी गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम कुडेकेला निवासी महेश दास महंत (32) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने बोकरामुड़ा और रिलो के बीच जंगल में छिपाकर रखे दो प्रेसर जैक और एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल (CG 13 BC 0658) भी जब्त कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान, प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय, प्रधान आरक्षक शंकर सिंह क्षत्रिय और आरक्षक भगवती लक्ष्मे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखें, नकदी और कीमती सामान सुरक्षित स्थान पर रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जनता की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।