रायगढ़

कार से देशी कट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; तीसरा फरार

चक्रधर नगर पुलिस की घेराबंदी में हथियार और कार जब्त, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

रायगढ़। चक्रधर नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से देशी कट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10 हजार रुपये कीमत का देशी कट्टा और लगभग 4 लाख रुपये मूल्य की कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आ रही एक सफेद रंग की कार में सवार युवक देशी कट्टा लेकर शहर पहुंच रहे हैं। सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस ने पहाड़ मंदिर रोड पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरीश यादव (26) निवासी बजरंग रामभांठा और प्रहलाद केवट (24) निवासी उच्चभिट्टी, किरोड़ीमल नगर के रूप में बताई। हथियार के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि देशी कट्टा योगेश चौहान उर्फ साहिल, निवासी बंगलापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र, ने बिक्री के उद्देश्य से खरीदा था। पुलिस कार्रवाई के दौरान योगेश मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बरामद देशी कट्टा और कार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।





















IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button