रायगढ़

Raigarh: रेलवे की ओएचई लाइन से तांबे के तार और उपकरणों की चोरी, 45 हजार रुपये का नुकसान

 





 

धरमजयगढ़। खरसिया-धरमजयगढ़ रेलवे लाइन पर अज्ञात चोरों ने रेलवे की विद्युत व्यवस्था को निशाना बनाते हुए ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिफिकेशन) लाइन से तांबे के तार एवं अन्य महत्वपूर्ण सामग्री चोरी कर ली। घटना से रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले की रिपोर्ट धरमजयगढ़ थाने में दर्ज कराई गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बायसी निवासी राम कुमार डनसेना (42 वर्ष) छत्तीसगढ़ पूर्व रेलवे बिलासपुर के अंतर्गत खरसिया से धरमजयगढ़ जाने वाली रेलवे लाइन के ग्राम गेरसा से प्रेमनगर कॉलोनी के मध्य 62 से 74 किलोमीटर क्षेत्र में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उनके अधीनस्थ रमेश सिंह (गनमैन) एवं भजन यादव (सिक्योरिटी गार्ड) की ड्यूटी 70 से 74 किलोमीटर क्षेत्र में रात्रिकालीन पाली में लगाई गई थी।
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि 2 जुलाई की रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच खंभा क्रमांक 70/2 से 70/5 के मध्य अज्ञात चोरों ने रेलवे की ओएचई लाइन से 189 मीटर कैटनरी तांबा तार, 170 मीटर कंडक्टर तांबा तार सहित अन्य विद्युत फिटिंग सामग्री चोरी कर ली।
चोरी गई सामग्री में कैटनरी स्प्लाइस 3 नग, कॉन्टैक्ट स्प्लाइस 2 नग, 160 एमएम कॉपर जम्पर वायर 5 मीटर, कॉपर ड्रॉपर वायर 23 मीटर, कॉन्टैक्ट क्लिप 20 नग तथा कैटनरी क्लिप 20 नग शामिल हैं। चोरी गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने पर सुपरवाइजर राम कुमार डनसेना ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद उन्होंने 8 जुलाई 2026 को धरमजयगढ़ थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं रेलवे विभाग भी चोरी की इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है। रेलवे संपत्ति की चोरी की इस वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button