रायगढ़ में स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट घेराव से पहले पुलिस ने रोका, सड़क पर धरना

रायगढ़। रायगढ़ में स्मार्ट मीटर के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। महात्मा गांधी चौक से कलेक्ट्रेट घेराव के लिए निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर पहले ही रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए और सरकार व बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन भारी संख्या में तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही धरना देकर अपना विरोध जारी रखा।
“बिजली विभाग से सबसे ज्यादा परेशान है जनता” – उमेश पटेल
प्रदर्शन में शामिल पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने कहा कि प्रदेश की जनता सबसे अधिक बिजली विभाग से परेशान है। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बिजली कटौती बढ़ रही है और स्मार्ट मीटर लगने के बाद लोगों के बिजली बिल भी लगातार बढ़ रहे हैं।
स्मार्ट मीटर से 3-4 गुना बढ़े बिजली बिल का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल पहले की तुलना में तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं। उनका कहना है कि इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। कांग्रेस ने सरकार से स्मार्ट मीटर हटाकर दोबारा सामान्य बिजली मीटर लगाने की मांग की।
फिल्मी गानों पर अनोखा प्रदर्शन
पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स के सामने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने वाटर कैनन चलाने की मांग करते हुए फिल्मी गानों की धुन पर नाच-गाकर विरोध दर्ज कराया और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार को घेरा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि कांग्रेस स्मार्ट मीटर के विरोध में लगातार अभियान चला रही है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से फॉर्म भरवा रहे हैं ताकि स्मार्ट मीटर हटाकर सामान्य मीटर लगाए जा सकें।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल हाफ योजना से लोगों को राहत मिलती थी, जबकि वर्तमान सरकार आम जनता के बजाय ठेकेदारों के हित में काम कर रही है। उन्होंने मांग की कि प्रदेशभर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को तत्काल हटाकर सामान्य मीटर लगाए जाएं।