Raigarh: शहर की स्वच्छता और सुंदरता को लेकर आयुक्त क्षत्रिय सख्त, प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण
Raigarh: शहर की स्वच्छता और सुंदरता को लेकर आयुक्त क्षत्रिय सख्त, प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण
रायगढ़। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज शहर के विभिन्न प्रमुख एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने सिंदूर पार्क, एसईसीएल मरीन ड्राइव, खर्राघाट, बंदे अली फातमे गली, शिव मंदिर पचरी घाट सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त क्षत्रिय ने एसईसीएल मरीन ड्राइव क्षेत्र का जायजा लेते हुए वहां की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीन ड्राइव की दीवारों पर आवश्यकतानुसार प्लास्टर कार्य एवं व्हाइट वॉश कराने, मरीन ड्राइव के नीचे नदी की ओर उगी अनावश्यक घास, झाड़ियों की कटाई-सफाई कराने तथा मरीन ड्राइव सड़क को व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप देने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार खर्राघाट, बंदे अली फातमे गली, शिव मंदिर पचरी घाट क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए आयुक्त श्री ने वहां स्थित रिक्त भूमि एवं आसपास के क्षेत्रों की व्यापक साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रिक्त भूमि को केवल साफ करने के बजाय आवश्यकता के अनुसार लैंडस्कैपिंग एवं हरियाली विकसित कर व्यवस्थित और सुंदर स्वरूप देने पर जोर दिया, ताकि इन स्थानों पर आने वाले नागरिकों को बेहतर वातावरण मिल सके।
आयुक्त क्षत्रिय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर अनावश्यक घास, झाड़ियां एवं कचरा जमा है, वहां तत्काल सफाई कराकर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की सफाई केवल अभियान तक सीमित न रहकर सफाई एवं सौंदर्यीकरण की स्थायी व्यवस्था बननी चाहिए।
शहर के प्रमुख स्थलों को आकर्षक और व्यवस्थित बनाना प्राथमिकता
आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने कहा कि रायगढ़ शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, नदी तटों, पार्कों एवं खाली शासकीय भूमि को व्यवस्थित और सुंदर स्वरूप देना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि नागरिकों के आवागमन और उपयोग वाले प्रत्येक प्रमुख स्थल पर स्वच्छता, हरियाली और बेहतर वातावरण दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां सफाई की आवश्यकता है वहां तत्काल सफाई कराएं और जहां सौंदर्यीकरण की संभावना है, वहां लैंडस्कैपिंग एवं हरियाली की कार्ययोजना तैयार कर उसे व्यवस्थित रूप से विकसित करें । उन्होंने विशेष रूप से नदी तट और मरीन ड्राइव जैसे स्थानों पर साफ-सफाई के साथ-साथ सड़क, दीवार एवं आसपास के क्षेत्र को आकर्षक बनाए रखने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर ऐसे कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना होगा, जिससे शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी, एसईसीएल के अधिकारी, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता सहित इंजीनियर्स एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।