अंबिकापुर में ट्रक और पिकअप की टक्कर, तीन मजदूरों की मौके पर मौत, सात गंभीर घायल

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में शुक्रवार की रात सड़क हादसा हो गया। राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास बॉक्साइट लोड ट्रक और पिकअप में आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में पिकअप सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है। पिकअप में चालक सहित 11 मजदूर सवार थे।
तेज गति के कारण हुआ हादसा
सभी प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं और काम के लिए शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। रात करीब दो बजे सेवारी स्कूल के पास तेज गति की बॉक्साइट ट्रक ने सामने से पिकअप को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। पिकअप में सवार कुछ लोग उछलकर सड़क पर गिरे जबकि कुछ सवार उसी में दब गए। प्रारंभिक जांच में तेज गति ही दुर्घटना का कारण सामने आ रहा है।
घायलों को मेडिकल कॉलेज किया रेफर
सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह रात में ही घटनास्थल पहुंचे और घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद सभी सात घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
वहीं, मृतकों के शव को राजपुर अस्पताल में रखा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के नाम व पते की स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। स्वजन के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।