बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है: नवीन जिन्दल

बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक बुराई है: नवीन जिन्दल
सांसद नवीन जिन्दल ने बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी, दिखाकर किया जागरूकता अभियान का शुभारंभ
कैथल, 26 जनवरी। सांसद नवीन जिन्दल ने सोमवार को कैथल के सिविल लाइन थाने से भारत के निराश्रित और बेसहारा लोगों के लिए संचालित मिशन के अंतर्गत बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। सांसद नवीन जिन्दल ने इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के लिए हस्ताक्षर कर संस्था के हस्ताक्षर अभियान का हिस्सा बने। उन्होंने कहा कि बाल विवाह समाज के लिए एक गंभीर सामाजिक बुराई है, जिसे जड़ से समाप्त करने के लिए जन-जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस रथ के माध्यम से जिले के गांव-गांव जाकर बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी तथा नाबालिग बच्चों को बाल विवाह न करने की प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी। सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि बच्चों का बचपन सुरक्षित रखना और उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य व सम्मानजनक भविष्य देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उल्लेखनीय है कि यह संस्था बाल श्रमिकों एवं बाल भिक्षुओं को रेस्क्यू कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ उनके लिए एक सम्मानित जीवन सुनिश्चित करने का कार्य भी कर रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने बताया कि यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई, संबंधित विभागों से समन्वय और पीड़ित बच्चों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग मिलने से ही बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल के साथ जिला उपायुक्त अपराजिता, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योति सैनी, पूर्व विधायक लीलाराम गुर्जर, संदीप ढुल्ल, संदीप शर्मा बदनारा,संस्था के पदाधिकारी और एनसीसी कैडेट भी उपस्थित रहे।
|
|
|
|
![]() |
![]() |
| ||






