छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने हेलमेट रैली को दिखाई हरी झंडी

रैली में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण, समाजसेवी, स्थानीय जनप्रतिधिनिगण एवं आम नागरिकों की भारी संख्या में उपस्थिति रही,

जशपुर/कुनकुरी। सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस लगातार कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रही है। इस कड़ी में आज दिनांक 08.05.2026 के प्रातः 08ः00 बजे कुनकुरी में वृहद स्तर पर हेलमेट जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसका माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त रैली कुनकुरी खेल मैदान से शुरू होकर गड़ाकटा, बस स्टैंड, डुगडुगिया से वापस जशपुर रोड़ होते हुये सलियाटोली तक जाकर वापस खेल मैदान में आकर समाप्त हुआ। उक्त हेलमेट जागरूकता रैली में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण, समाजसेवी, व्यापारीगण, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कौशल्या साय ने आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों, अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर सामाजिक समस्या बनती जा रही हैं, जिन्हें केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से नहीं बल्कि आम नागरिकों की जागरूकता एवं जिम्मेदारीपूर्ण व्यवहार से ही कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सड़क पर चलते समय अत्यंत सावधानी, संयम एवं सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने जशपुर पुलिस द्वारा आयोजित हेलमेट जागरूकता रैली की सराहना करते हुए इसे जनहित में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आकर्षक पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं तथा लोगों को सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “हम बदलेंगे तो युग बदलेगा” अर्थात यदि प्रत्येक नागरिक स्वयं यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प ले ले तो दुर्घटनाओं में स्वतः कमी लाई जा सकती है।

कौशल्या साय ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि तेज गति, लापरवाहीपूर्ण वाहन संचालन एवं बिना हेलमेट वाहन चलाना साहस नहीं बल्कि जोखिम है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपकरण किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य घर से सुरक्षित निकलते हैं तो उनके परिजनों की जिम्मेदारी होती है कि वे सुरक्षित ही वापस लौटें, इसलिए सुरक्षा नियमों की अनदेखी कभी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, दूसरों को भी प्रेरित करने तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया। तत्पश्चात उन्होंने

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन करने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जशपुर पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह जागरूकता अभियान निश्चित रूप से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कलेक्टर रोहित व्यास ने आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकांश लोग यह सोचकर लापरवाही करते हैं कि उन्हें वाहन चलाना अच्छी तरह आता है और अब तक बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कोई दुर्घटना नहीं हुई है, इसलिए आगे भी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सोच अत्यंत गलत एवं खतरनाक है, क्योंकि सड़क दुर्घटना कभी भी और किसी के साथ भी हो सकती है। दुर्घटना पूर्व सूचना देकर नहीं आती, इसलिए सावधानी ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।
उन्होंने कहा कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट केवल नियम या चालान से बचने का माध्यम नहीं बल्कि जीवन रक्षा के महत्वपूर्ण साधन हैं। थोड़ी सी सतर्कता व्यक्ति के जीवन के साथ-साथ उसके पूरे परिवार की खुशियों को सुरक्षित रख सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हमेशा निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात संकेतों का सम्मान करें, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन संचालन न करें तथा शराब सेवन के बाद वाहन चलाने से पूरी तरह बचें।









कलेक्टर रोहित व्यास ने विशेष रूप से युवाओं से जिम्मेदार चालक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। जब हम स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे तभी दूसरे लोग भी प्रेरित होंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे सुरक्षित वाहन संचालन अपनाकर समाज में प्रेरणास्त्रोत बनें और सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डाॅ. लाल उमेद सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलेभर में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजार क्षेत्रों एवं ग्रामीण अंचलों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से भी आम नागरिकों से यातायात नियमों के पालन की निरंतर अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण ओवर स्पीडिंग, शराब सेवन के बाद वाहन संचालन, बिना हेलमेट वाहन चलाना तथा स्टंटबाजी जैसी लापरवाहीपूर्ण गतिविधियां हैं। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील करते हुए कहा कि तेज गति या स्टंटबाजी साहस नहीं बल्कि जीवन के साथ जोखिम है। सुरक्षित वाहन संचालन ही जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है।

डाॅ. लाल उमेद सिंह ने जिले के वार्षिक सड़क दुर्घटना आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीते वर्ष 2025 में जिले में लगभग 150 व्यक्तियों की सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु हुई तथा 350 से अधिक लोग घायल हुए। दुर्घटना विश्लेषण में पाया गया कि अधिकांश मामलों में दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट का उपयोग नहीं किया गया था। यदि वाहन चालक हेलमेट का नियमित उपयोग करते, तो अनुमानतः लगभग 70 प्रतिशत लोगों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने भावनात्मक रूप से कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी एक व्यक्ति की मृत्यु केवल व्यक्तिगत क्षति नहीं होती, बल्कि उसका प्रभाव पूरे परिवार पर आगामी 03 पीढ़ियों तक पड़ता है। परिवार का सहारा छिन जाने पर आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से आने वाली तीन पीढ़ियों तक उसका दुष्प्रभाव देखने को मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाजसेवी श्री राजीव नंदे ने भी नागरिकों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन अनेक अनमोल जीवनों को बचा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग अपनी आदत बनाएं तथा स्वयं जागरूक होकर दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्य अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही सड़क सुरक्षा अभियान सफल हो सकता है और जशपुर जिले को दुर्घटना मुक्…



IMG-20240424-WA0003
previous arrow
next arrow

raigarh top news

www.raigarhtopnews.com दैनिक हिन्दी न्यूज वेबसाईट है और रायगढ़ जिले का सर्वाधिक लोकप्रिय व सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला न्यूज वेबसाईट है। www.raigarhtopnews.com पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश व रायगढ़ जिले की शासकीय व अर्द्धशासकीय योजनाओं के साथ सभी खबरों को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देता है।
Back to top button