छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम ने दो फर्मों पर लगाया करोड़ों का जुर्माना, समय पर पुस्तक आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी
छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम ने दो फर्मों पर लगाया करोड़ों का जुर्माना, समय पर पुस्तक आपूर्ति सुनिश्चित करने की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम (पापुनि) ने आगामी शिक्षा सत्र में बच्चों को समय पर पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत कागज की खरीदी और प्रिंटिंग के लिए टेंडर जल्द जारी किए जाएंगे।
निगम के अध्यक्ष राजा पांडेय ने साफ कहा कि प्रिंटिंग और सप्लाई में किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित समय पर कागज नहीं देने वाली दो फर्मों, ओरिएंट और श्रेयांस, पर क्रमशः 80 लाख और 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। दोनों फर्मों को नोटिस भेजा गया है और जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्हें पांच साल के लिए ब्लैकलिस्टेड किया जा सकता है।
अध्यक्ष पांडेय ने बताया कि इस बार कागज की गुणवत्ता में सुधार के लिए मापदंड बदल दिए गए हैं। देर से सप्लाई पर पेनाल्टी में प्रतिदिन 1 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी लागू होगी। इसके अलावा, सभी डिपो में सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और अगले साल 8 नए डिपो भी स्थापित किए जाएंगे।
पाठ्य पुस्तकें स्कूलों और संकुलों में स्कूल खुलने से 10 दिन पहले पहुंचाने की योजना है। इस बार की व्यवस्था गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पांडुचेरी और असम जैसी अन्य राज्यों की प्रणाली के समान लागू की जाएगी।