मेले में चाउमीन खाते ही मच गई चीख-पुकार! देखते ही देखते 130 लोगों की बिगड़ी तबीयत, 118 मासूम बच्चे अस्पताल पहुंचे, जानिए कैसे एक फूड स्टॉल बना मुसीबत की वजह
मेले में चाउमीन खाते ही मच गई चीख-पुकार! देखते ही देखते 130 लोगों की बिगड़ी तबीयत, 118 मासूम बच्चे अस्पताल पहुंचे, जानिए कैसे एक फूड स्टॉल बना मुसीबत की वजह
बालाघाट। मेले में घूमने, झूले का आनंद लेने और पसंदीदा व्यंजनों का स्वाद चखने पहुंचे लोगों के लिए शनिवार की शाम अचानक खौफनाक अनुभव में बदल गई। जिस मेले में कुछ देर पहले तक रौनक और चहल-पहल थी, वहां देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। चाउमीन खाने के बाद एक के बाद एक लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। किसी को तेज पेट दर्द होने लगा तो किसी की हालत खराब हो गई। देखते ही देखते 130 लोग बीमार पड़ गए, जिनमें 118 बच्चे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते सभी मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह पूरा मामला मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरी गांव का है। शनिवार शाम यहां मेला आयोजित किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे पहुंचे थे। मेले में लगे खाद्य पदार्थों के स्टॉल से लोगों ने चाउमीन खाई। लेकिन इसे खाने के कुछ ही देर बाद कई लोगों के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया। शुरुआत में कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी सामने आई, लेकिन धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती चली गई। स्थिति गंभीर होते देख तत्काल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को सूचना दी गई।
118 बच्चे अस्पताल में भर्ती, 45 की हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर
बालाघाट कलेक्टर आदित्य सिंह के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलते ही बीमार बच्चों और अन्य लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआत में कुल 118 बच्चों को किरनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम ने सभी बच्चों की जांच कर उपचार शुरू किया। इनमें से 45 बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और निगरानी की जरूरत को देखते हुए बालाघाट जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, शेष 73 बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
12 वयस्क भी हुए बीमार, कुल 130 लोगों का हुआ इलाज
इस घटना में केवल बच्चे ही नहीं, बल्कि बड़े भी प्रभावित हुए हैं। चाउमीन खाने के बाद 12 वयस्कों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। इस तरह कुल 118 बच्चों और 12 वयस्कों समेत 130 लोग बीमारी की चपेट में आए। अधिकारियों के अनुसार सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और चिकित्सकीय निगरानी में उनका उपचार किया गया है।
चाउमीन में ऐसा क्या था, जिसने इतने लोगों को कर दिया बीमार?
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर मेले में बिक रही चाउमीन में ऐसा क्या था, जिसे खाने के कुछ ही देर बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई? क्या खाद्य पदार्थ दूषित था या उसे तैयार करने और परोसने में साफ-सफाई के नियमों की अनदेखी की गई थी? फिलहाल फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। अब खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल प्रभावित लोगों के उपचार पर ध्यान दिया जा रहा है। मेले में हुई इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
