चक्रधर समारोह: 15 सितंबर को तरूणा साहू एवं ग्रुप की पंडवानी से गूंजेगा चक्रधर समारोह का मंच
चक्रधर समारोह: 15 सितंबर को तरूणा साहू एवं ग्रुप की पंडवानी से गूंजेगा चक्रधर समारोह का मंच
निशित गंगानी के तबला वादन और राजस्थानी लोककला से सजेगी संगीत संध्या
वृंदावन के माधवरस बैंड के भजन गायन से भक्तिरस में सराबोर होगा समारोह
कथक की मनमोहक प्रस्तुति देंगी अनुष्का सुल्तानिया
रायगढ़, 14 सितम्बर 2026/ महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना और रायगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को समर्पित 41वां अंतर्राष्ट्रीय चक्रधर समारोह 14 से 23 सितंबर तक रामलीला मैदान, रायगढ़ में भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है। दस दिवसीय समारोह के दूसरे दिन 15 सितंबर की शाम भी विविध रंगों से सजी होगी। इस दिन रायपुर की अनुष्का सुल्तानिया कथक नृत्य की प्रस्तुति देंगी। कथक की शास्त्रीय भाव-भंगिमाओं और लयकारी के साथ समारोह का मंच भारतीय नृत्य परंपरा की खूबसूरती से रूबरू होगा। वहीं रायपुर की तरुणा साहू एवं ग्रुप द्वारा पंडवानी की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें लोकगायन की समृद्ध परंपरा और कथा-वाचन का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। इसी क्रम में दिल्ली की टी.लक्ष्मी रेड्डी कुचिपुड़ी नृत्य की प्रस्तुति देंगी। वहीं दिल्ली के श्री निशित गंगानी अपने तबला वादन से सुर और ताल की शानदार जुगलबंदी प्रस्तुत करेंगे। राजस्थान की लोक संस्कृति की झलक स्टार्क सोसाइटी, बाड़मेर की राजस्थानी फोक प्रस्तुति में देखने को मिलेगी। साथ ही समारोह में भक्तिरस से सराबोर करने के लिए वृंदावन के माधवरस बैंड द्वारा भजन गायन प्रस्तुत किया जाएगा।